Kharkhoda crime news | Halalpur farmer attack
सोनीपत जिले के खरखौदा में एक किसान पर कस्सी से हमला करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल किसान को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने घायल किसान की शिकायत पर पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र के गांव हलालपुर निवासी कुलदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। वह 31 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे हलालपुर-मंढौरी रोड पर खेत में मजदूरों को पैसे देने के लिए जा रहा था। रास्ते में उसे महाबीर हजारी मिल गया, जिसने बातचीत करने के बहाने उसे रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित किसान ने बताया कि जब उसने इसका विरोध किया, तो महाबीर हजारी का बेटा राहुल भी वहां आ गया और उस पर कस्सी से हमला कर दिया। सिर में कस्सी लगने से वह लहूलुहान होकर चक्कर खाकर नीचे गिर गया। पीड़ित ने बताया कि जब उसे होश आया, तो वह अस्पताल में भर्ती था। पुलिस ने पीड़ित किसान की शिकायत पर हलालपुर निवासी महाबीर हजारी और उसके बेटे राहुल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।














