हिसार चोरी मामले में कार्रवाई, गौरछी गांव से जेवरात व नकदी चुराने में प्रयोग गाड़ी सहित दो चोर गिरफ्तार

By sunilkohar

Published On:

---Advertisement---

Police Action taken in Hisar theft case 

Hisar News Today: थाना सदर हिसार के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी बालसमंद की टीम ने गांव गौरछी में एक बंद मकान से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई सिल्वर रंग की मारुति रिट्ज कार भी बरामद की है।

बालसमंद चौकी प्रभारी ने बताया कि गांव गौरछी निवासी रामनिवास ने पुलिस चौकी बालसमंद में शिकायत दर्ज करवाई थी कि दिनांक 15 सितंबर 2026 को सुबह करीब 8 बजे वह अपनी पत्नी के साथ खेत में चले गए थे और बच्चे स्कूल गए हुए थे। दोपहर में जब उनकी बेटी स्कूल से घर लौटी, तो कमरों का सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर घर से 40 ग्राम सोने के आभूषण रानी हार, 4 अंगूठियां, नोज पिन, मांग टीका, 270 ग्राम चांदी की 4 जोड़ी पाजेब और 1 लाख 64 हजार रुपये की नकदी चोरी पाई गई।

शिकायत के आधार पर थाना सदर हिसार में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(3) के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक जसवन्त सिंह द्वारा अमल में लाई गई। पुलिस टीम ने इस मामले में पहले कार्रवाई करते हुए दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को एक आरोपी कादर खान निवासी बालसमंद को गिरफ्तार किया था, जिसे पूछताछ के बाद अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है।

कादर खान से पूछताछ के दौरान हुए खुलासे के आधार पर पुलिस टीम ने दिनांक 21 नवंबर 2026 को मामले में संलिप्त अन्य दो आरोपियों गिरफ्तार किया। चोरी के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बालसमंद निवासी नवीन कुमार और भिवानी रोहिल्ला निवासी राजेन्द्र के रूप में हुई है।


पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई रिट्ज कार को कब्जे में लेकर आरोपियों से घटनास्थल की निशानदेही करवाई। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल में भेज दिया गया है।

You Might Also Like

Leave a Comment