बरवाला से महिला बेटी सहित लापता: बनभौरी से मायके जाने की कहकर घर से निकली थी मां-बेटी
हिसार जिले के बरवाला क्षेत्र के गांव बनभौरी से एक विवाहिता और उसकी सात वर्षीय बेटी अज्ञात परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। महिला अपनी बेटी के साथ मायके जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन न तो वह अपने मायके पहुंची और न ही वापस ससुराल लौटी। बरवाला थाना पुलिस ने महिला के पति की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
26 अक्टूबर को मायके जाने के लिए निकली थी महिला
बरवाला थाना पुलिस को दी गई शिकायत में बनभौरी निवासी चरण सिंह ने बताया कि उसकी 31 वर्षीय पत्नी इशू 26 अक्टूबर की दोपहर करीब 2 बजे अपनी 7 साल की बेटी को लेकर अपने मायके (शाहबाद, यूपी के मुनकर गांव) जाने की बात कहकर घर से निकली थी। लेकिन इसके बाद वह न तो अपने मायके पहुंची और न ही वापस अपने ससुराल लौटी।
परिजनों ने की तलाश, ससुर से बात करने पर हुआ खुलासा
चरण सिंह ने बताया कि जब उसने फोन पर अपने ससुर से बात की, तो उन्होंने बताया कि इशू और उसकी बेटी अभी तक वहां नहीं पहुंची हैं। इसके बाद उसने अपने स्तर पर पत्नी और बेटी की काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों का कहीं कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद बरवाला थाना पुलिस ने पीड़ित पति की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
दोपहर में निकलने पर मामला बना संदिग्ध
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसकी पत्नी यूपी के शाहबाद (मुनकर) की रहने वाली है। बनभौरी से यूपी जाने के लिए कई घंटों का लंबा सफर तय करना पड़ता है। ऐसे में एक महिला अपनी 7 साल की मासूम बेटी के साथ इतनी दूर के सफर के लिए दोपहर 2 बजे क्यों निकली? यह सवाल इस मामले को संदिग्ध बना रहा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है।










