बरवाला में आधुनिक बस स्टैंड का उद्घाटन
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा, मॉडर्न अनाज मंडी, सिटी पार्क, रामबाग और स्टेडियम सहित कई परियोजनाओं पर चल रहा काम, शहर को सुंदर और सुविधाजनक बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
Hisar Barwala News Today: हिसार के बरवाला में आधुनिक बस स्टैंड बनकर तैयार हो चुका है। बस स्टैंड साथ लगती मॉडर्न अनाज मंडी का निर्माण कार्य भी जारी है। सरकार का प्रयास है कि बरवाला शहर में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें और शहर को आधुनिक एवं सुंदर बनाया जाए। यह बात हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को बरवाला बस स्टैंड के उद्घाटन के दौरान उपस्थित जन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड के अंदर नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। इनमें छह नए बस-बे के साथ दुकान, टिकट वेंडिंग मशीन, एसी वेटिंग रूम और शिशु को दूध पिलाने के लिए अलग कक्ष बनाया गया है। यात्रियों के लिए महिला, पुरुष और दिव्यांगजनों के अनुकूल शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है। प्रथम तल पर पांच कार्यालय कक्ष, चालकों के लिए दो डॉर्मिटरी, एक अतिरिक्त कक्ष और शौचालयों की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि बरवाला में आधुनिक बस स्टैंड बनने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और बरवाला में परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। बस स्टैंड का निर्माण शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बरवाला शहर में विकास को लेकर किए गए वादों को पूरा करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। रामबाग के विकास के लिए करीब 3.30 करोड़ रुपये का टेंडर किया गया है। सिटी पार्क पर भी लगभग 3.30 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा शहर में सडक़ों, गलियों, लाइब्रेरी और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं।
बरवाला के स्टेडियम का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जबकि कम्युनिटी सेंटर का काम लगभग पूरा होने वाला है। उन्होंने बताया कि बरवाला शहर की चारों दिशाओं में प्रवेश द्वारों का निर्माण किया जा रहा है। हिसार की तरफ से शहर में प्रवेश और निकास के दोनों ओर सुंदर चौक विकसित किए जाएंगे। इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी और लोगों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिलेंगी। शहर की अधिकांश गलियों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष गलियों का काम भी जल्द शुरू करवाया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने चुनाव के दौरान जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। सरकार बनने के बाद किए गए 210 वादों में से 75 वादे पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये देने और बीसी वर्ग को अलग से आरक्षण देने जैसे महत्वपूर्ण फैसले सरकार की जनकल्याणकारी सोच को दर्शाते हैं।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, एसडीएम अश्वीर नैन, रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल, मंडल अध्यक्ष मोनू संदूजा, नगर परिषद चेयरमैन रमेश बैटरीवाला, मंडी चेयरमैन प्रवीण सैनी, जिला उपाध्यक्ष मनीष गोयल, वाइस चेयरमैन रोशन घणघस, जिला पार्षद ओपी मालिया, भाजपा वरिष्ठ नेता देव शर्मा, महेश शर्मा, राजबीर लांबा, ओबीसी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष विनोद गिल, सुनील मेहता, समाजसेवी रामकेश बंसल, पूनम जांगड़ा, सुरेश गोयल, निदेशक एचआरडीसी तरूण मेहता, एडवोकेट जगविंद्र सिंगला, आशा, पार्षद धर्म सिंह, कालू राम, ज्योति बंसल, एमसी रामचंद्र मौर्य, प्रेम जांगड़ा, पुरुषोत्तम गुप्ता, रणसिंह, प्रमोद सिवाज, राकेश बंसल, सत्यवान बालक, सरपंच विजय, सरपंच सोनू, वेद प्रकाश, मनीष गोयल, सुरेश गोयल, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।












