उचाना में धान की खरीद न होने पर दिल्ली-पटियाला हाईवे पर लगाया जाम
Jind Uchana News: धान की खरीद न होने से परेशान किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। उचाना में किसानों ने दिल्ली-पटियाला हाईवे पर जाम लगा दिया और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीएम मौके पर पहुंचीं।
पुलिस ने हाईवे पर जाम लगाकर बैठे किसानों को समझाने और जाम खुलवाने का काफी प्रयास किया, लेकिन किसान धान की खरीद शुरू करवाने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद एसडीएम सुमन यादव मौके पर पहुंचीं। उन्होंने किसानों से कहा कि निर्धारित मापदंडों के अनुसार, यदि उनके धान में नमी की मात्रा 17 प्रतिशत से कम है, तो उसकी खरीद निश्चित रूप से की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई खरीद में आनाकानी करता है या किसानों से कमीशन मांगता है, तो वे इसकी शिकायत उनसे करें। संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम से बातचीत के दौरान किसानों ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से धान की फसल लेकर मंडी में रहने को मजबूर हैं। उनकी फसल की खरीद नहीं हो रही है और खरीददार फसल खरीदने में आनाकानी कर रहे हैं। किसानों का आरोप है कि बिचौलिए उनसे रुपये मांग रहे हैं। किसी से प्रति क्विंटल 600 रुपये मांगे जा रहे हैं, तो किसी से अलग-अलग रकम की मांग की जा रही है। किसानों ने आरोप लगाया कि बिचौलियों ने अपने-अपने रेट तय कर रखे हैं। किसानों की बातचीत में खान नामक व्यक्ति का नाम भी सामने आया।
जब एसडीएम ने किसानों से कहा कि वे उनके साथ मंडी चलकर देखेंगी कि कौन पैसे मांग रहा है और उचित नमी होने के बावजूद धान की खरीद क्यों नहीं की जा रही, तो किसानों ने बताया कि उनके विरोध को देखते हुए सभी दलाल वहां से भाग गए हैं।

एसडीएम सुमन यादव ने किसानों को आश्वासन दिया कि वे लिखित में दे रही हैं कि उनकी फसल खरीदी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की फसल में नमी की मात्रा अधिक है, वे उसे मंडी में सुखाकर लाएं।
एसडीएम के ठोस आश्वासन के बाद किसानों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने हाईवे पर लगाया गया जाम खोल दिया।
Narnaund News, Hansi News, Hisar News, Rewari News, Bhiwani News, Rakhigarhi News,













1 thought on “उचाना में किसानों का फूटा गुस्सा, दिल्ली-पटियाला हाईवे पर लगाया जाम, Jind Uchana News”