दहेज प्रताड़ना के आरोप में पति समेत पांच पर केस
हरियाणा न्यूज टूडे: जींद जिले के अलेवा निवासी विवाहिता ने ससुराल पक्ष के 5 लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। एसपी कुलदीप सिंह के आदेश पर अलेवा थाना पुलिस ने पति, सास, ससुर और दो ननदों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मोनिका ने बताया कि उसकी शादी 15 मार्च 2021 को भिवानी जिले के गांव तालु निवासी जितेंद्र के साथ हुई थी। परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज से असंतुष्ट होकर मायके से और सामान लाने का दबाव बनाने लगे। मोनिका के अनुसार, पति जितेंद्र, सास सुमित्रा, ससुर सतबीर और ननद सुमन व बंटू उसे प्रताड़ित करते थे। विरोध करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी जाती थी। परेशान होकर उसने एसपी से शिकायत की।
जांचकर्ता उप-निरीक्षक मोहनपाल ने बताया कि शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद 5 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।













