बहबलपुर-बाडो पट्टी बस स्टैंड के पास कार ने बाइक को मारी टक्कर
हरियाणा न्यूज | हिसार के बहबलपुर-बाडो पट्टी बस स्टैंड के पास रिट्ज गाड़ी की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान गांव जेवरा निवासी 23 वर्षीय सुमित के रूप में हुई है। सुमित विवाहित था और वह गांव में ही बिजली का मिस्त्री था। घायलों की पहचान तरुण, अमन और प्रवीण के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और बरवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, चारों युवक बाइक पर सवार होकर गांव जेवरा से खाटू श्याम के दर्शन के लिए ध्वजा लेकर निकले थे। उनके पीछे एक रिट्ज गाड़ी आ रही थी। जब बाइक सवार बहबलपुर-बाडो पट्टी बस स्टैंड के पास बने ब्रेकर को पार कर आगे निकल गए, तभी रिट्ज गाड़ी ब्रेकर पर अनियंत्रित हो गई और बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में चारों युवक घायल हो गए। बाद में सुमित की मौत हो गई। घायलों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इसके बाद उन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।









