Kaithal NH152D accident News
Haryana News Today: हरियाणा के कैथल में दो कारों की टक्कर होने से एक युवक की मौत हो गई। कैथल जिले के गांव करोड़ा के पास NH152D पर accident हुआ। मृतक युवक जींद जिले के सफीदों स्थित गोरी धाम बाबा सबल की पूजा अर्चना करने के लिए पंचकूला से आया था और वापस अपने गांव जा रहा था कि जब वो करोड़ा गांव के पास पहुंचा तो पीछे से तेज रफ्तार से आ रही कार ने उसकी कार में टक्कर मार दी।
करोड़ा गांव के पास हाइवे पर एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही कैथल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच करने में जुट गई है। कैथल पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर दूसरी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके वीरवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया।
पूंडरी थाना पुलिस को दी शिकायत में पंचकूला जिले के गांव जासपुरा निवासी परमजीत ने बताया कि वो तीन भाई हैं और उसका छोटा भाई बिंटूराम कृषि विभाग में फोर्थ क्लास की नौकरी करता है। 20 अक्टुबर को वो अपने परिवार सहित जींद जिले के सफीदों में गोरी धाम बाबा सबल के दर्शन करने के लिए आए थे। मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद 21 अक्टुबर की शाम को वो अपने गांव के लिए चले थे। उनकी कार में परिवार के वो सभी सदस्य मौजूद थे जो इस पूजा में शामिल होने के लिए आए थे।
परमजीत के मुताबिक वो नेशनल हाइवे 152 डी से होते हुए पंचकूला जा रहे थे कि जब उनकी कार कैथल जिले के पूंडरी थाना क्षेत्र के गांव करोड़ा के पास पहुंची तो पीछे से तेज रफ्तार से आ रही कार ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी कार सड़क पर पलट गई। इस हादसे में उसके छोटे भाई बिंटू राम गंभीर रूप से घायल हो गया।
परमजीत ने बताया कि वो तुरंत ही अपने भाई को उपचार के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार कर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। जब वो बिंटूराम को पीजीआई चंडीगढ़ लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पूंडरी थाना के जांच अधिकारी राजेन्द्र कुमार ने बताया कि नेशनल हाइवे 152 डी पर करोड़ा के पास हादसे में एक युवक की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर दूसरी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है।








