Madha School Chori Case in Narnaund Hisar
Narnaund Hisar News: हिसार जिले के गांव माढ़ा स्थित स्कूल में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने स्कूल में सेंध लगाकर ताले तोड़कर कीमती सामान चोरी करके फरार हो गए। नारनौंद थाना पुलिस ने अध्यापकों की शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
नारनौंद उपमंडल के गांव माढ़ा स्थित सरकारी स्कूल के अध्यापकों ने बताया कि सोमवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद सभी कमरों में सामान रखकर उन पर ताले लगाकर अपने घर गए थे। मंगलवार की सुबह जब चपरासी स्कूल में पहुंचा तो कमरों के ताले टूटे हुए थे और उनमें रखा कीमती सामान भी गायब था।
अध्यापकों ने बताया कि चपरासी ने इसकी सूचना तुरंत ही उन्हें दी तो वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसकी सूचना गांव के सरपंच सहित डायल 112 पुलिस टीम को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम स्कूल में पहुंची और बारकी से निरीक्षण किया। इसके बाद इसकी लिखित शिकायत नारनौद पुलिस थाने में दर्ज कराई। नारनौंद थाना पुलिस की टीम ने भी स्कूल का दौरा कर चोरी की वारदात का निरीक्षण किया।
स्कूल के टीचरों द्वारा इसकी लिखित शिकायत में बताया गया कि सोमवार मंगलवार की रात को अज्ञात चोर स्कूल के कमरों का ताला तोड़कर कमरों में रखा तीन गैस सिलेंडर जो की भरे हुए थे। इसके अलावा करीब डेढ़ क्विंटल गेहूं, 70 थालियां, 60 गिलास, 5 पतीले, करीब एक क्विंटल चावल, दो कंप्यूटर, चार कैंपर पानी के, सिल्वर की बाल्टी, परांत, सब्जी बनाने का 20 लीटर का बड़ा कुकर सहित अन्य सामान चोरी करके ले गए हैं।

नारनौंद थाना पुलिस ने टीचरों की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्कूल में चोरों करने वालों की पहचान के लिए उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज खंगालने में लगी हुई है। साथ ही गांव के लोगों से संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है कि स्कूल में चोरी की वारदात को कौन-कौन अंजाम दे सकते हैं। साथ ही गांव व आसपास के एरिया में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले व्यक्तियों की भी पहचान के जा रही है।
ग्रामीण दिलबाग नंबरदार, ओमप्रकाश, मोहित उर्फ रुबी, पूर्व सरपंच अजीत सिंह, पूर्व सरपंच जगदीश फौजी इत्यादि से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि काफी युवक नशे की चपेट में है और नशा करने वाले भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और साथ ही सर्दी का मौसम शुरू होते ही चोर गिरोह भी सक्रिय हो चुके हैं। गांव में ही नहीं बल्कि खेतों में भी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही है इन पर रोकथाम के लिए पुलिस को ग्रामीण के साथ मिलकर उचित कदम उठाने चाहिए।
इस संबंध में जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर रमेशचंद्र से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि स्कूल में चोरी की शिकायत मिली थी। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच करने में लगी हुई है, जल्दी चोरों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
1 thought on “माढ़ा स्कूल में चोरी : संदिग्ध पुलिस रडार पर, मामला दर्ज- Narnaund Hisar News”