Narnaund Sandlana Accident
Haryana News: हांसी जिले के नारनौंद क्षेत्र में कार की टक्कर लगने से स्कूटी सवार DAV School Jind के कर्मचारी सहित दो युवक घायल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक बनभौरी स्थित माता के मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए जा रहे थे कि रास्ते में हादसा हो गया और दोनों युवक मंदिर की बजाए अस्पताल पहुंच गए।
नारनौंद के गांव संदलाना के पास हुए सड़क हादसे ( Sandlana Road Accident ) में जींद जिले के गांव रधाना निवासी राजेश कुमार व नवीश रोहिला घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस ने राजेश कुमार की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
नारनौंद पुलिस को दी शिकायत में जींद जिले के गांव रधाना निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वो डीएवी स्कूल जींद में नौकरी करता है। वो रात को करीब 8 बजे बनभौरी माता के दर्शन (Banbhori Dham) करने के लिए स्कूटी पर सवार होकर चले थे। स्कूटी को नवीश रोहिला चला रहा था और जब वो नारनौंद क्षेत्र के गांव संदलाना के पास पहुंचे तो कार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
राजेश ने बताया कि रिट्ज़ (Ritz) कार की टक्कर लगने से वो सड़क पर गिर गए और घायल हो गए। वहीं हादसे को अंजाम देकर कार चालक अपनी गाड़ी को घटनास्थल पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस और एम्बुलेंस को दी, तो एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और उन्हें उपचार के लिए बरवाला सीएचसी में दाखिल करवाया। जहां पर डॉक्टरों ने उनकी नाज़ुक हालत को देखते हुए हिसार के नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया।
राजेश ने बताया कि संदलाना हादसे में उसको कम चोटें लगीं, क्योंकि वो स्कूटी के पीछे बैठा हुआ था और मरहम-पट्टी करवाने के बाद वो अपने घर आ गया। जबकि नवीश रोहिला को उसके परिजन अच्छे उपचार के लिए जिंदल अस्पताल हिसार ले गए और भर्ती करवा दिया। हादसे की सूचना मिलते ही नारनौंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राजेश की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।









