Preparations for major gangwar in Rohtak News
Rohtak News: रोहतक पुलिस की सीआइए 2 स्टाफ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग सहित दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चार देसी पिस्तौल और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित कान्ही और रूखी के दो युवकों की हत्या करने और ठेकों पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की फिराक में घूम रहे थे।
एसपी सुरेन्द्र सिंह भौरिया ने प्रेसवार्ता में बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए सीआइए-2 टीम आइएमटी क्षेत्र में गश्त पर थी। टीम का नेतृत्व एसआइ दिनेश और पीएसआइ शिव कर रहे थे। गश्त के दौरान सूचना मिली कि दो युवक अवैध हथियार लेकर गांव बलियाणा की ओर से सोनीपत रोड की तरफ आने वाले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सोनीपत-रोहतक रोड स्थित बलियाणा मोड़ पर नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में बलियाणा की तरफ से आते दो युवकों को शक के आधार पर काबू किया गया। पूछताछ में एक की पहचान राहुल निवासी गांव समचाना के रूप में हुई, जबकि दूसरा नाबालिग पाया गया। नियमों के तहत तलाशी लेने पर राहुल के पिट्टू बैग से तीन देसी पिस्तौल और 11 जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं नाबालिग युवक के पास से एक देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस मिले।
बरामदगी के बाद दोनों के खिलाफ थाना आइएमटी में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब बरामद हथियारों के स्त्रोत का पता लगाने में जुटी है। आरोपी राहुल को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उससे गहन पूछताछ की जा सके।
कान्ही और रूखी में देना था वारदात को अंजाम
रोहतक एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी किसी दो युवकों की हत्या करने की योजना बना रहे थे। इसके अलावा वे शराब के ठेकों पर फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की फिराक में थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गांव कान्ही और रूखी में वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।