Rewari Pollution Level November 2026
रेवाड़ी | 07 नवंबर: हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HSPCB) के क्षेत्रीय अधिकारी निपुण गुप्ता ने रेवाड़ी शहर के वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर चल रही भ्रामक खबरों पर विराम लगाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में प्रदूषण स्तर 600 के पार पहुंचने और रेवाड़ी के विश्व में सबसे प्रदूषित शहर बनने के दावे पूरी तरह से निराधार और आधिकारिक आंकड़ों से परे हैं।
क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि अक्टूबर और नवंबर महीने में अब तक रेवाड़ी का वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 से नीचे ही दर्ज किया गया है। ऐसे में शहर के प्रदूषण स्तर को लेकर किए जा रहे दावे आधिकारिक रूप से प्रमाणित नहीं हैं।

निजी ऐप्स और थर्ड पार्टी उपकरणों के आंकड़ों पर न करें विश्वास निपुण गुप्ता ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा कि ये भ्रामक दावे थर्ड पार्टी मोबाइल ऐप्स और निजी AQI मीटर के आंकड़ों के आधार पर फैलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि निजी उपकरणों और ऐप्स में सेंसर की गुणवत्ता, कैलिब्रेशन, लोकेशन और डेटा प्रोसेसिंग के कारण आंकड़ों में बड़ा अंतर आ जाता है। इसलिए ऐसे गैर-आधिकारिक आंकड़ों के आधार पर कोई निष्कर्ष निकालना सही नहीं है।
आधिकारिक स्रोतों से ही लें सही जानकारी क्षेत्रीय अधिकारी ने आम जनता और मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे वायु गुणवत्ता की सही और प्रमाणिक जानकारी के लिए केवल केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आधिकारिक पोर्टल (https://airquality.cpcb.gov.in) या SAMEER ऐप पर उपलब्ध डेटा पर ही भरोसा करें।
उन्होंने नागरिकों और मीडिया से अनुरोध किया है कि बिना आधिकारिक पुष्टि के AQI से जुड़ी खबरों या आंकड़ों को प्रसारित न करें और भ्रामक सूचनाओं से बचें।














