Tohana News Today: विदेश भेजने के नाम पर 5 लाख 7 हजार रुपए की धोखाधड़ी मामले में आरोपी गिरफ्तार
Tohana News Today : ऑस्ट्रेलिया का वर्क वीजा दिलवाने के नाम पर 5 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी करने के मामले में इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद ने सोनीपत से एक आरोपी को काबू करने में सफलता हासिल की है। काबू किए गए आरोपी को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इकोनामिक सेल फतेहाबाद की बड़ी कार्रवाई
इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता सुनील कुमार पुत्र सेवा सिंह निवासी गांव बलियावाला, तहसील टोहाना, जिला फतेहाबाद ने शिकायत दी कि आरोपी पीयूष गुप्ता पुत्र चेतन गुप्ता निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सोनीपत ने उसे आस्ट्रेलिया भेजने व वर्क वीजा दिलवाने का झांसा दिया। आरोपी ने कुल 15 लाख रुपए खर्च बताकर पहले किस्त के रूप में विभिन्न तिथियों पर करीब 5 लाख 7 हजार रुपए अलग-अलग माध्यमों से प्राप्त कर लिए।

रुपए वापस मांगने पर गाली गलौच व जान से मारने की धमकी
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने न तो वीजा लगवाया और न ही राशि वापस की। उल्टा फोन पर गाली-गलौच करते हुए झूठे केस में फंसाने व जान से मारने की धमकी दी।
इस संबंध में थाना सदर टोहाना में अभियोग संख्या 245 दिनांक 08.12.2025 धारा 316(2), 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को काबू कर लिया गया। मामले की जांच जारी है। पुलिस आमजन से अपील करती है कि विदेश भेजने के नाम पर किसी भी एजेंट को धनराशि देने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।