Made wife bleed by hitting her with a blade
Haryana News Sirsa Today : गांव मुसाहिबवाला गुरुद्वारा साहिब के पाठी ने गुरुद्वारा में अपनी पत्नी के प्यार की परीक्षा लेते हुए उसे ब्लेड से लहूलुहान कर दिया और पत्नी से कहा कि अगर तुम्हारे मुंह से चीख निकली तो समझूंगा कि तुम मुझे प्यार नहीं करती। पाठी पति को अपने प्यार विश्वास दिलाने के लिए पत्नी ने भीषण दर्द सहते हुए मुंह से आवाज तक नहीं निकाली और बेहोश हो गई। होश आने पर पीडि़ता ने अपने पिता को फोन किया। इसके बाद पिता बेटी के ससुराल पहुंचा और उसे अपने साथ लेकर अस्पताल पहुंचा। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
जानकारी अनुसार पंजाब के मानसा निवासी 21 वर्षीय युवती की शादी सिरसा जिला के गांव अलीकां निवासी जगतार सिंह के साथ हुई थी। पीडि़ता का कहना है कि उसका पति गांव मुसाहिबवाला गांव के गुरुद्वारा में पाठी का काम करता है। गत दिवस वह अपने पति के पास गुरुद्वारा में आई थी। इस दौरान उसका पति उसे कहने लगा कि तू मुझे कितना प्यार करती है। पत्नी ने जवाब दिया बहुत ज्यादा। पीडि़ता का कहना है कि उसका पति कहने लगा कि मैं तुझे चोट मारता हूं और देखता हूं कि तुम चीखती हो या नहीं। अगर चीखी तो साबित हो जाएगा कि तुम मुझे प्यार नहीं करती।
पति जगतार सिंह ने अपने हाथ में एक ब्लेड लिया और अपनी पत्नी का हाथ पकडक़र वार करने लगा। पति को अपने प्यार का विश्वास दिलाने के लिए पत्नी दर्द सहती रही और मुंह से आवाज तक नहीं निकाली। ब्लेड के सैकड़ों वार से वह लहुलुहान होकर बेहोश हो गई। पीडि़ता पत्नी का कहना है कि इसके बाद उसके पति ने गीला कपड़ा लेकर फर्श पर गिरा सारा खून साफ कर दिया। होश आने पर उसने अपने पिता को फोन किया और सारी बात बताई। पिता उसे लेने उसके ससुराल अलीकां आया और बेटी को लेकर अस्पताल पहुंचा।
