Verification: eefe237ed2c24d7f

Rakhigarhi Mahotsav में उमड़ा जनसैलाब: पुराने अवशेष बने आकर्षण का केंद्र, Narnaund News Live

0 minutes, 8 seconds Read

Rakhigarhi Mahotsav latest update: Haryana Breaking News Today

Narnaund News Live : तीन दिवसीय राखीगढ़ी महोत्सव ( Rakhigarhi Mahotsav ) में लोगों का उत्साह चरम पर है। महोत्सव स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और यहां आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पारंपरिक प्रस्तुतियों तथा खेल गतिविधियों का भरपूर आनंद उठा रहे हैं। लोक नृत्य, संगीत, सांस्कृतिक झांकियां और खेल प्रतियोगिताएं दर्शकों को लगातार आकर्षित कर रही हैं, जिससे पूरे महोत्सव परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

राखीगढ़ी महोत्सव में पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की प्रदर्शनी बनी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र

राखीगढ़ी महोत्सव के दौरान राखीगढ़ी स्थित संग्रहालय परिसर में पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रदर्शनी में राखीगढ़ी पुरातात्विक स्थलों से प्राप्त महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहरों को प्रदर्शित किया गया है, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शोधार्थी तथा आम नागरिक पहुंच रहे हैं।

 


प्रदर्शनी में राखीगढ़ी के पुरातात्विक स्थलों से खुदाई के दौरान प्राप्त हड़प्पा कालीन वस्तुएं विशेष रूप से लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। इनमें मृदभांड के चित्रांकित टुकड़े, जिन पर पीपल के पत्ते की सुंदर आकृतियां उकेरी गई हैं, मिट्टी की चूड़ियां, मिट्टी के खिलौने, मिट्टी की खिलौना बैलगाड़ी तथा विभिन्न प्रकार की प्राचीन सीलें शामिल हैं। इन ऐतिहासिक अवशेषों को देखकर दर्शकों में प्राचीन सभ्यता के प्रति गहरी रुचि और उत्सुकता देखने को मिल रही है।

 


प्रदर्शनी स्थल पर पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहकर आगंतुकों को राखीगढ़ी में हुई खुदाई तथा वहां से प्राप्त हड़प्पा कालीन वस्तुओं की विस्तार से जानकारी दे रहे हैं। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खुदाई में प्राप्त सीलें इस बात का प्रमाण हैं कि हड़प्पा काल में भारत के अन्य देशों के साथ व्यापारिक संबंध स्थापित थे। यह प्रदर्शनी न केवल इतिहास की जानकारी दे रही है, बल्कि प्राचीन भारत की समृद्ध सभ्यता और उन्नत जीवन शैली को भी उजागर कर रही है।

 


हड़प्पा कालीन सभ्यता की प्रदर्शनी को और अधिक रोचक बनाने के लिए स्थल पर एक बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई है, जिस पर हरियाणा प्रदेश के विभिन्न पुरातात्विक स्थलों की बारीकी से जानकारी, चित्रों और वीडियो के माध्यम से आमजन को उपलब्ध करवाई जा रही है। इससे विशेषकर विद्यार्थियों को प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत को समझने का एक अनूठा अवसर मिल रहा है।


राखीगढ़ी महोत्सव के दौरान आयोजित यह प्रदर्शनी इतिहास प्रेमियों के साथ-साथ युवाओं और बच्चों के लिए भी ज्ञानवर्धक साबित हो रही है और प्रदेश की प्राचीन धरोहर के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।


Rakhigarhi Mahotsav 2025 स्थल पर विभिन्न सरकारी विभागों तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रत्येक स्टॉल पर संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहकर लोगों की शंकाओं का समाधान कर रहे हैं और योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझा रहे हैं।

 


प्रदर्शनी स्टॉलों में स्वास्थ्य विभाग की स्टालें विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल पांच स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें से एक स्टॉल पर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जबकि अन्य चार स्टॉलों पर आमजन की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है। महोत्सव के पहले ही दिन 82 लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की स्टालों पर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई।

 


स्वास्थ्य विभाग की स्टालों पर हीमोग्लोबिन, मधुमेह (शुगर), ब्लड प्रेशर के साथ-साथ तीन प्रकार के कैंसर की जांच की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। स्टालों पर एसएमओ डॉ. यशपाल, डॉ. अमित सहित अन्य चिकित्सकों द्वारा लोगों को स्वास्थ्य परामर्श दिया जा रहा है और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इसके साथ ही जांच के उपरांत जरूरतमंद लोगों को निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

 


Rakhigarhi Mahotsav में पहुंचे लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों में एक ही स्थान पर मनोरंजन के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता आमजन के लिए बेहद लाभकारी है। राखीगढ़ी महोत्सव न केवल सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य कर रहा है, बल्कि जनहितकारी योजनाओं और स्वास्थ्य जागरूकता को भी मजबूती से आगे बढ़ा रहा है।

📢 हरियाणा की हर ब्रेकिंग न्यूज़ सबसे पहले पाने के लिए हमारा WhatsApp Channel अभी जॉइन करें।

📲 WhatsApp Channel Join करें

Related Posts

Contact us: info@haryana-news.in

© 2025 Haryana News. All Rights Reserved.

About Us | Privacy Policy | Contact Us | Disclaimer