Hansi News: क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने के आरोपी को हांसी पुलिस ने पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी के कब्जे से ठगी गई राशि में से 90 हजार रूपये बरामद की है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना साइबर अपराध हांसी में तैनात मुख्य सिपाही अमित कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता ललित कुमार ने शिकायत दी थी कि उसके मोबाइल पर स्वयं को एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग का कर्मचारी बताकर एक व्यक्ति ने संपर्क किया। आरोपी ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का लालच दिया और एक लिंक भेजा। पीड़ित द्वारा लिंक पर क्लिक करते ही उसका मोबाइल हैक हो गया तथा उसके एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड से ₹98,980 की धोखाधड़ी कर ली गई।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। मामले की जांच के दौरान थाना साइबर अपराध हांसी में शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर गहन अनुसंधान शुरू किया गया।
जांच के दौरान साइबर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं डिजिटल ट्रेल के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेन्द्र पाल पुत्र सुनील कुमार निवासी एसएएस नगर, मलोट (पंजाब) को गिरफ्तार किया। पूछताछ एवं अनुसंधान के दौरान आरोपी के कब्जे से ठगी गई राशि में से 90 हजार रूपये बरामद कर लिए गए हैं।


