Latest Hisar News: हिसार स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए वीरवार को गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। उपायुक्त महेंद्र पाल ने ध्वजारोहण कर रिहर्सल का शुभारंभ किया तथा परेड का निरीक्षण कर विभिन्न टुकडिय़ों की सलामी ली। इस दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को राष्ट्र प्रेम से सराबोर कर दिया। रिहर्सल से पहले उपायुक्त महेंद्र पाल व पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने लघु सचिवालय परिसर के नजदीक स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि 15 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में सांसद नवीन जिंदल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर ध्वजारोहण करेंगे। वहीं बरवाला में आयोजित होने वाले उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में नलवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर पनिहार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर ध्वजारोहण करेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देते स्कूली विद्यार्थी।
उपायुक्त ने फाइनल रिहर्सल के दौरान समारोह से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने समारोह स्थल पर सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फाइनल रिहर्सल के दौरान हरियाणा पुलिस की पुरुष एवं महिला टुकडिय़ों, होमगार्ड, एनसीसी डिविजन सहित विभिन्न टुकडिय़ों ने शानदार मार्च पास्ट किया। प्रतिभागी टुकडिय़ों ने अनुशासन और कदमताल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एसडीएम ज्योति मितल, जिला परिषद सीईओ सुभाष चंद्र, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार, नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
हर घर तिरंगा अभियान के तहत जागरूकता वाहन रवाना, पर्यावरण संरक्षण का देगा संदेश
हिसार हर घर तिरंगा अभियान के तहत वीरवार को उपायुक्त महेंद्र पाल ने सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग तथा वन विभाग के जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर आमजन को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की गौरव गाथा और देशभक्ति का संदेश देगा। इसके अतिरिक्त एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत नागरिकों को पौधारोपण व पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन-बान-शान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि तिरंगा वाहन के माध्यम से आमजन को एक पेड़ मां के नाम अभियान से भी जोड़ा जाएगा। वाहन के जरिए लोगों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे तिरंगे के सम्मान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं और पौधारोपण कर प्रकृति के संरक्षण में अपना योगदान दें।
उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान जनभागीदारी से ही सफल हो सकते हैं। जिले के नागरिक इन अभियानों में बढ़-चढक़र भाग लेते हुए राष्ट्रप्रेम और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एसडीएम ज्योति मित्तल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
सातरोड़ खुर्द से सातरोड़ कलां तक सडक़ के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 4.05 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी
Latest News Hisar: लोक निर्माण द्वारा हिसार जिले में सातरोड़ खुर्द से सातरोड़ कलां वाया जनक फैक्ट्री सडक़ के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य के लिए 4 करोड़ 4 लाख 99 हजार रुपये की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान कर दी गई है। लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि विभागीय अधिकारियों को सडक़ चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य को जल्द से जल्द आरंभ करने की हिदायत दी गई है। यह सडक़ हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड से लोक निर्माण विभाग को स्थानांतरित की गई है।
उन्होंने बताया कि सडक़ निर्माण कार्य के लिए सरकार की ओर से 404.99 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। यह राशि राज्य योजना के तहत सडक़ निर्माण एवं चौड़ीकरण-सुदृढ़ीकरण कार्य पर खर्च की जाएगी। इस सडक़ के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के ग्रामीणों तथा आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सडक़ की बेहतर कनेक्टिविटी से कृषि गतिविधियों, स्थानीय आवागमन तथा ग्रामीण क्षेत्रों के संपर्क को भी मजबूती मिलेगी।