Hisar News: Jind Barwala Route diverted for Kanwar Yatra 2026
कांवड़ियों की अधिक आवाजाही को देखते हुए वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू
हरियाणा न्यूज टूडे, हिसार। श्रावण मास के पावन अवसर पर आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 (Kanwar Yatra 2026) को लेकर हिसार पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। अब वाहन चालक कावड़ यात्रा के दौरान इस मार्ग पर अपने वाहनों को नहीं तोड़ा पाएंगे। हिसार पुलिस ने शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए गए हैं। जिले के सभी थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके तथा आमजन को भी न्यूनतम असुविधा हो।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना हिसार पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, हुड़दंग, नियमों की अवहेलना अथवा कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हिसार पुलिस पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी रखेगी। ( Kavad Yatra Hisar Route diverted News )
बरवाला-जींद मार्ग पर रहेगा विशेष यातायात प्रबंध
एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि बरवाला बाईपास-जींद रोड (खेड़ी चौपटा होते हुए जींद जाने वाला मार्ग) पर कांवड़ लेकर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए 07 अगस्त 2026 से इस मार्ग पर भारी वाहनों (Heavy Vehicles) का आवागमन ( आना व जाना ) पूर्णतः बंद रहेगा।

उन्होंने बताया कि जींद की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों को बरवाला से बनभोरी होते हुए उचाना के रास्ते जींद की ओर भेजा जाएगा और जींद से बरवाला आने वाले भारी वाहनो को जींद उचाना बनभोरी से होते हुए बरवाला की और भेजा जाएगा । इस बारे पुलिस अधीक्षक जींद और हांसी से पत्राचार किया गया है । वाहन चालक पुलिस द्वारा जारी रूट डायवर्जन योजना का पालन करें तथा वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें।
कांवड़ यात्रियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश
• कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क के बाईं ओर निर्धारित लेन का ही प्रयोग करें।
• डीजे की ऊंचाई वाहन की बॉडी से अधिक न रखें, ताकि बिजली के तारों से दुर्घटना की संभावना न रहे।
• किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक व्यक्ति न बैठाएं।
• सभी यातायात नियमों एवं मोटर वाहन अधिनियम का पालन करें।
• डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखें।
• तलवार, फरसा, गंडासा, हॉकी, अवैध हथियार अथवा किसी भी प्रकार के घातक हथियार यात्रा में साथ न रखें।
• शराब या किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन कर यात्रा न करें।
• यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखें तथा कचरा न फैलाएं।
• आपसी भाईचारा, अनुशासन एवं धार्मिक सौहार्द बनाए रखें।
• बिना साइलेंसर अथवा मॉडिफाइड साइलेंसर (पटाखा साइलेंसर) वाली मोटरसाइकिल का प्रयोग न करें। ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कांवड़ शिविर आयोजकों के लिए निर्देश
• कांवड़ शिविर लगाने से पूर्व संबंधित थाना से अनुमति लेना अनिवार्य है।
• शिविर मुख्य सड़क अथवा राष्ट्रीय राजमार्ग से सुरक्षित दूरी पर लगाए जाएं ताकि यातायात बाधित न हो।
• वाहनों की पार्किंग के लिए अलग व्यवस्था सुनिश्चित करें।
• शिविरों में पर्याप्त स्वयंसेवक तैनात करें तथा सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाएं।
• अग्निशमन एवं प्राथमिक उपचार जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रखें।
वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी
• कांवड़ यात्रा मार्गों पर वाहन धीमी गति एवं सावधानीपूर्वक चलाएं।
• कांवड़ियों के जत्थे को ओवरटेक करने का प्रयास न करें।
• पुलिस द्वारा जारी रूट डायवर्जन का पालन करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
• शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
• पुलिस अधिकारियों एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति कानून व्यवस्था भंग करने, धार्मिक भावनाओं को आहत करने, हुड़दंग मचाने अथवा पुलिस द्वारा जारी वैध निर्देशों की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा एक आस्था, श्रद्धा एवं अनुशासन का पर्व है। सभी श्रद्धालु, शिविर आयोजक, वाहन चालक एवं आमजन पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित कांवड़ यात्रा संपन्न कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। हिसार पुलिस श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा एवं सुविधा के लिए 24 घंटे पूरी तत्परता के साथ तैनात रहेगी।








