Haryana Government Scheme: 35 लाख से ज्यादा परिवारों को बड़ी राहत
चंडीगढ़। हरियाणा के लाखों लाभार्थियों के लिए बुधवार का दिन राहत भरा रहा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत 35.06 लाख पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,129.05 करोड़ रुपये की राशि सीधे DBT के माध्यम से ट्रांसफर की। राशि जारी करने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता कर योजनाओं और लाभार्थियों को दी गई आर्थिक सहायता की जानकारी साझा की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!लाडो लक्ष्मी योजना की 11वीं किस्त जारी
मुख्यमंत्री ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 11वीं किस्त भी जारी की। इस किस्त के रूप में 10 लाख 10 हजार बहनों-बेटियों के खातों में 212 करोड़ 16 लाख रुपये भेजे गए।
सरकार के अनुसार, योजना की शुरुआत से अब तक 11 किस्तों के माध्यम से लाभार्थियों को 2,254 करोड़ 47 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
दयालु योजना के तहत 4,520 परिवारों को सहायता
दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना (DAYALU Scheme ) के तहत 4,520 परिवारों के खातों में 168 करोड़ 13 लाख 21 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। इसमें दयालु योजना-2 के 70 परिवार भी शामिल हैं।
यह योजना परिवार के कमाने वाले सदस्य की मृत्यु या स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
उद्योगों के 670 लाभार्थियों को 311 करोड़ रुपये
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत 670 लाभार्थियों को 311.25 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी की गई। इसमें उद्यम एवं रोजगार नीति, प्लग एंड प्ले, टेक्सटाइल सहित उद्योगों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं।
6,177 किसानों को भावांतर भरपाई का लाभ
किसानों के लिए भी सरकार ने राशि जारी की। भावांतर भरपाई योजना के तहत 6,177 किसानों को कुल 49 करोड़ 89 लाख रुपये दिए गए।
इनमें आलू के 6,012, फूलगोभी के 99 और शहद का उत्पादन करने वाले 66 किसान शामिल हैं। योजना के तहत निर्धारित संरक्षित मूल्य से कम कीमत पर फसल बिकने की स्थिति में सरकार तय नियमों के अनुसार मूल्य अंतर की भरपाई करती है।
5 लाख महिलाओं के खातों में गैस सब्सिडी
हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत जुलाई महीने की गैस सब्सिडी भी जारी की गई। इस दौरान 5 लाख महिलाओं के खातों में 19 करोड़ 68 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।
योजना के तहत पात्र महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाता है।
सरकार का फोकस सीधे लाभ पहुंचाने पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजने से सरकारी सहायता का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंच रहा है। बुधवार को जारी हुई राशि में महिलाओं, किसानों, परिवारों और उद्योगों से जुड़े लाभार्थियों को शामिल किया गया है।
ताजा समाचार हरियाणा :-
स्कूल बसों पर कसा शिकंजा, 9 के चालान,
बरवाला से डम्पर चोरी: हांसी से दो आरोपियों को दबोचा; 7 हजार रुपये बरामद,
कैथल में दर्दनाक सड़क हादसा: कार की टक्कर से 18 वर्षीय युवक की मौत, दो बहनों का था इकलौता भाई,
हांसी में ब्यूटी पार्लर गई महिला लापता, फोन भी बंद, पति से अनबन, मायके में रहती थी महिला,
भिवानी के नंदगांव में दर्दनाक हादसा: पिकअप की टक्कर से राजमिस्त्री कृष्ण कुमार की मौत, चालक फरार,













