हांसी अनाज मंडी में धान खरीद की तैयारियों का जायजा, किसानों को नहीं होने दी जाएगी परेशानी
Hansi News: धान खरीद सीजन को लेकर हांसी अनाज मंडी में तैयारियों का जायजा लेने के लिए विधायक विनोद भयाना ने शुक्रवार को मंडी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने धान की खरीद, फसल के उठान और किसानों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।
विधायक विनोद भयाना ने संबंधित अधिकारियों और व्यापारियों से धान खरीद को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में फसल बेचने के लिए आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
खरीद के साथ फसल का उठान भी तेजी से करने के निर्देश
विधायक ने कहा कि किसानों की फसल की खरीद में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। खरीद प्रक्रिया के साथ-साथ मंडी से फसल का उठान भी तेजी से करवाया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में फसल लंबे समय तक पड़ी न रहे। समय पर उठान होने से किसानों को अपनी फसल उतारने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध रहेगा और मंडी में व्यवस्था भी सुचारू बनी रहेगी।
मंडी में नमी जांच मशीन और सुविधाओं का निरीक्षण

विधायक विनोद भयाना ने हांसी अनाज मंडी में नमी जांच यंत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने इसकी उपलब्धता और कार्यप्रणाली के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
इसके अलावा उन्होंने मंडी में किसानों और मजदूरों के लिए उपलब्ध शौचालय, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। विधायक ने किसानों और मजदूरों को मात्र 10 रुपये में भोजन उपलब्ध करवाने वाली अटल कैंटीन की व्यवस्थाओं की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
अधिकारियों ने विधायक को बताया कि धान खरीद को लेकर मंडी में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हांसी अनाज मंडी में धान की खरीद हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन, जबकि सिसाय अनाज मंडी में हैफेड द्वारा धान की खरीद की जाएगी।
संबंधित खरीद एजेंसियों को खरीद के साथ-साथ फसल के उठान का कार्य भी तेजी से करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
किसानों से सुखाकर धान मंडी में लाने की अपील
मार्केट कमेटी के सचिव बसाऊ राम ने किसानों से अपील की कि वे धान की फसल अच्छी तरह पकने के बाद ही कटवाएं और उसे अच्छी तरह सुखाकर मंडी में लेकर आएं। इससे फसल की खरीद के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि किसानों को गेट पास जारी करने के लिए पर्याप्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। किसानों को गेट पास बनवाने और फसल बेचने में किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
अधिकारी और व्यापारी रहे मौजूद
दौरे के दौरान मार्केट कमेटी के प्रधान दिनेश धवन, उप प्रधान सुरजीत गुर्जर, विधायक के राजनीतिक सलाहकार दिनेश भूटानी, हरिकेश सिंगल, बजरंग बंसल, विवेक, बृजमोहन, विनोद सैनी, नवीन ठाकुर, सुभाष यादव, अशोक ढालिया, गोलू चावला और जस्सी मक्कड़ सहित अन्य व्यापारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जिला प्रशासन की ओर से डीएफएससी अनुराधा, निरीक्षक प्रदीप सैनी, मैनेजर रविंद्र शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।











