शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा Hansi Grievance Committee Meeting में 10 में से 7 का मौके पर समाधान
Latest News Hansi: प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल सिंह ढांडा ने सोमवार को एसडी महिला महाविद्यालय हांसी में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कुल 10 परिवादों की सुनवाई की गई, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। वहीं शेष तीन परिवादों के संबंध में जांच कर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बास बादशाहपुर के किसानों के लिए कच्चा रास्ता होगा पक्का
बास बादशाहपुर गांव के किसानों ने करीब 14 एकड़ खेतों तक जाने वाले कच्चे रास्ते को पक्का करवाने की मांग शिक्षा मंत्री के समक्ष रखी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए महिपाल ढांडा ने संबंधित अधिकारियों को रास्ता पक्का करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसानों को खेतों तक आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है और विकास कार्य जनहित को ध्यान में रखकर पूरे किए जाने चाहिए।
सिंधड़ गांव में फसल कटाई के बाद बिछेगी बिजली लाइन
सिंधड़ गांव निवासी सुभाष ने बिजली लाइन से संबंधित शिकायत बैठक में रखी। शिक्षा मंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता की समस्या का समाधान करते हुए फसल कटाई के बाद बिजली लाइन बिछाने का कार्य पूरा किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत किसी भी कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
मसूदपुर की रामरति देवी की जमीन की दोबारा होगी निशानदेही
मसूदपुर गांव निवासी रामरति देवी ने जमीन की निशानदेही से जुड़ी शिकायत रखी। शिक्षा मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जमीन की दोबारा निशानदेही करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने इस कार्य की जिम्मेदारी एसडीएम को सौंपते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता को किसी प्रकार की परेशानी न हो और जमीन की निशानदेही निशुल्क करवाई जाए।
खेड़ी जालब मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी
खेड़ी जालब निवासी रामविलास की शिकायत पर शिक्षा मंत्री ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जिला परिवेदना समिति के तीन सदस्यों की कमेटी गठित करने के निर्देश दिए।
कमेटी को मामले की जांच कर उपायुक्त को रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जा सके।
अवैध कब्जे की शिकायत पर पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
हांसी निवासी विनोद कुमार ने शिकायत में बताया कि उनके प्लाट पर किसी अन्य व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। उन्होंने कब्जा हटवाकर जमीन का वास्तविक कब्जा दिलवाने की मांग की।
शिक्षा मंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जा हटवाकर वास्तविक जमीन मालिक को उसका कब्जा दिलवाया जाए तथा अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
माजरा गांव में 100-100 वर्ग गज के प्लाट का मामला
माजरा गांव के ग्रामीणों ने 100-100 वर्ग गज के प्लाट उपलब्ध करवाने की मांग बैठक में रखी। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेज दिया गया है।
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
फसल बीमा क्लेम मामले में जांच के निर्देश
सिंघवा राघो गांव निवासी राजकुमार ने फसल नुकसान के बीमा क्लेम से संबंधित शिकायत रखी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ता को बीमा क्लेम की राशि उपलब्ध करवाई जा चुकी है।
शिकायतकर्ता की मांग पर शिक्षा मंत्री ने एसडीएम को पूरे मामले की जांच कर उपायुक्त को रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और निर्धारित समय सीमा में उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य नागरिकों को सुशासन और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध करवाना है। किसी भी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
विधायक विनोद भयाना ने किया स्वागत
हांसी पहुंचने पर विधायक विनोद भयाना ने शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। बैठक में डीसी राहुल नरवाल, एसपी विनोद कुमार, एडीसी लक्षित सरीन, जिला परिषद अध्यक्ष सोनू सिहाग डाटा, नगर परिषद अध्यक्ष प्रवीण इलाहाबादी, एसडीएम राजेश खोथ, सीटीएम हिमांशु चौहान, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज, डीआरओ राजकुमार, डीईटीसी तरुणा लांबा, रोशन लाल श्योराण, विनोद श्योराण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, भाजपा जिला महामंत्री धर्मवीर रतेरिया, विजेंद्र लोहान, तनुज खुराना, गोल्डी सैनी, राजनीतिक सलाहकार दिनेश भूटानी, विजय सैनी, श्याम खांडा, रमेश नायक, देव शर्मा, वजीर सिंह, ओमपाल, अशोक ढालिया सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और परिवादी भी बैठक में उपस्थित रहे।
Keywords: Hansi Complaint Meeting, Haryana Government News, Hansi News Today, Hansi Development News, Haryana Government Schemes, Farmer News Hansi, Bass Badshahpur News,










