नारनौंद में चोरों का आतंक, कोथ कलां से लाखों की नकदी व जेवरात चोरी | Hansi News in Hindi

By sunilkohar

Published On:

नारनौंद में चोरों का आतंक, कोथ कलां से लाखों की नकदी व जेवरात चोरी | Hansi News in Hindi

---Advertisement---

बंद घर से लाखों की नकदी व जेवरात चोरी

हरियाणा न्यूज ( सुनील कोहाड़ )

Hansi News in Hindi: हांसी के नारनौंद क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। गांव कोथ कलां में एक परिवार शादी समारोह में गया था, इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर से लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए और फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव कोथ कलां निवासी कुलबीर ने बताया कि उसके घर में रखी लोहे की अलमारी में सोने-चांदी के जेवरात पहले से रखे हुए थे और 15 नवंबर को उसने अलमारी में 2 लाख रुपये और रख दिए थे। 20 नवंबर को वह परिवार सहित कमरे व घर के मुख्य गेट पर ताला लगाकर शादी समारोह में शामिल होने गया था।

अलमारी का लॉकर टूटा

कुलबीर के मुताबिक, उसी दिन शाम करीब 8 बजे परिवार शादी समारोह से वापस घर लौट आया था। अगले दिन 21 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे जब उसने अलमारी संभाली तो उसका लॉकर टूटा मिला। रुपये और जेवरात चेक किए तो 2 लाख रुपये में से 1 लाख 43 हजार 500 रुपये गायब थे। इसके अलावा करीब आधा किलो चांदी, करीब आधा तोला सोने की 2 जोड़ी कान की बाली, करीब 1 तोला सोने की 1 गंठी, 1 जोड़ी चांदी की पाजेब, करीब आधा तोला सोने का 1 माथा टीका, 2 चांदी की कडुली और 1 जोड़ी चुटकी भी चोरी हो गई।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने स्तर पर भी सामान की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसने चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश व जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment