विवाह-शादियों में रोटी बनाने का काम: सिंधड़ महिला लापता
Hisar Barwala News: हिसार में शादी समारोह में रोटी बनाने के लिए गई 38 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। महिला के काफी समय तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद महिला के पति ने बरवाला थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है।
शादी समारोह में रोटी बनाने गई थी महिला
बरवाला थाना पुलिस को दी शिकायत में सिंधड़ गांव निवासी विजेंद्र ने बताया कि उसकी 38 वर्षीय पत्नी मंजू विवाह-शादियों में रोटी बनाने का काम करती है। काम के सिलसिले में वह अक्सर घर से बाहर जाती रहती है और कई बार एक-दो दिन बाद वापस घर लौट आती है। विजेंद्र के अनुसार, 30 सितंबर को उसकी पत्नी मंजू हिसार में एक शादी समारोह में रोटी बनाने की बात कहकर घर से गई थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी।
मोबाइल फोन भी मिला बंद
पति ने पुलिस को बताया कि दो-तीन दिन बीत जाने के बाद भी जब मंजू घर नहीं आई तो उन्होंने उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया। लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद विजेंद्र ने अपनी पत्नी की तलाश शुरू की। करीब एक सप्ताह तक उसने रिश्तेदारों और जान-पहचान के लोगों से पूछताछ की तथा संभावित स्थानों पर भी तलाश की, लेकिन मंजू का कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस ने दर्ज किया गुमशुदगी का मामला
महिला के पति विजेंद्र की शिकायत पर बरवाला थाना पुलिस ने मंजू की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस महिला की तलाश में जुटी हुई है और उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।












