हांसी आज की ताजा खबर: हरियाणा के जींद-भिवानी मार्ग पर हादसा हो गया। बास टोल नाके के पास एक कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। करीब एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी घायल को होश नहीं आया है और उसका हिसार के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हांसी जिले के गांव भकलाना निवासी रविन उर्फ मोहित पुत्र दलबीर ने बास थाना पुलिस को दिए बयान में बताया कि 28 अक्टूबर को वह अपने पिता और दोस्त के साथ खेत में गया हुआ था। शाम को उसके पिता अपने मोटरसाइकिल पर घर के लिए रवाना हुए थे और वह अपने दोस्त के साथ दूसरे मोटरसाइकिल पर भकलाना गांव लौट रहा था।
रविन के मुताबिक जब वे जींद-भिवानी मार्ग पर बास टोल के पास पहुंचे, तो पीछे से आ रही ब्रेजा कार ने उनके पिता दलबीर के मोटरसाइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। इसके कारण उसके पिता सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान उसने गाड़ी का नंबर नोट कर लिया, लेकिन जब वह अपने पिता को संभालने लगा, तो कार चालक अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
मोहित ने बताया कि वह और उसका दोस्त तुरंत अपने पिता को लेकर खांडा खेड़ी सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हांसी रेफर कर दिया। लेकिन वे बेहतर इलाज के लिए अपने पिता को CMC Hospital Hisar ले गए। वहां उनका उपचार चल रहा है और करीब एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी उन्हें होश नहीं आया है।
हादसे की सूचना मिलते ही बास थाना पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन डॉक्टर ने घायल को बयान देने के लिए अयोग्य (असमर्थ) घोषित कर दिया। कई दिनों तक इंतजार करने के बाद बास थाना पुलिस ने जींद-भिवानी सड़क हादसे में घायल के बेटे की शिकायत पर अज्ञात ब्रेजा कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।













