नरवाना में ग्रामीणों ने की युवक की पीट पीटकर हत्या
हरियाणा के जींद जिले के गांव कालवन में चोरी के शक में ग्रामीणों ने तीन युवकों की पिटाई कर दी। इस मारपीट के कारण एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने करीब तीन दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, जींद के रेलवे यार्ड के पास कुछ लोगों ने कथित तौर पर चोरी के मामले में तीन युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि अत्यधिक पिटाई की वजह से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि उसके दोनों साथियों को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
नरवाना क्षेत्र के गांवों में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए ग्रामीण अपने स्तर पर निगरानी कर रहे थे, क्योंकि आए दिन खेतों से बिजली के केबल सहित अन्य सामान चोरी हो रहे थे। इसी दौरान, 5 नवंबर को नरवाना क्षेत्र के गांव कालवन के खेतों में तीन संदिग्ध युवक देखे गए।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ग्रामीणों को देखकर तीनों युवक खेतों से भागकर रेलवे यार्ड के पास पहुंच गए, जहां ग्रामीणों ने उन्हें दबोच लिया। पकड़े गए तीनों युवकों से ग्रामीणों ने पूछताछ शुरू की, जिसके दौरान मौके पर मौजूद भीड़ का गुस्सा भड़क गया। इसके बाद भीड़ ने तीनों की जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि इस मारपीट में बिहार निवासी आशीष मिश्रा के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई, जबकि उसके दोनों साथी बेसुध होकर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों को अधमरा करने के बाद ग्रामीणों की भीड़ वहां से चली गई। इसके बाद किसी ने तीनों युवकों के बेसुध हालत में रेलवे यार्ड के पास पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद आशीष मिश्रा को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथियों का उपचार शुरू कर दिया गया।
घायल युवकों की पहचान बिहार के बेगमपुर के नालंदा निवासी अमन और सेंथली टोला निवासी कैलाश के रूप में हुई है, जबकि मृतक बिहार के भागवापुर का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भिजवा दिया और उसकी मौत की सूचना परिजनों को दी।
नरवाना पुलिस ने घायल कैलाश की शिकायत पर गांव कालवन के करीब 35 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कैलाश ने आरोप लगाया कि कालवन गांव के लोगों द्वारा की गई पिटाई की वजह से आशीष की मौत हुई है।
इस संबंध में गढ़ी थाना प्रभारी राजेश कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि रेलवे यार्ड के पास तीन युवक बेसुध हालत में मिले थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मृतक के साथी की शिकायत पर करीब तीन दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।










