SB-89 Yojana Haryana: किसानों को ट्रैक्टर खरीद पर मिलेगी 3 लाख रुपये तक की सब्सिडी, 15 दिसंबर तक करें आवेदन

By sunilkohar

Published On:

SB-89 Yojana Haryana: किसानों को ट्रैक्टर खरीद पर मिलेगी 3 लाख रुपये तक की सब्सिडी, 15 दिसंबर तक करें आवेदन

---Advertisement---

एसबी-89 योजना हरियाणा के तहत अनुसूचित जाति के किसानों को ट्रैक्टर खरीद पर मिलेगा तीन लाख रुपये तक का अनुदान : उपायुक्त राहुल नरवाल

SB-89 Yojana Haryana: कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा द्वारा अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के किसानों को कृषि कार्यों में आधुनिक मशीनरी के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एसबी-89 योजना के तहत ट्रैक्टर खरीद पर विशेष अनुदान दिया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत पात्र अनुसूचित जाति के किसानों को 45 हॉर्स पावर या इससे अधिक क्षमता वाले ट्रैक्टर की खरीद पर 50 प्रतिशत तक, अधिकतम तीन लाख रुपये का अनुदान उपलब्ध करवाया जाएगा। इच्छुक किसान इस योजना का लाभ उठाने के लिए 15 दिसंबर 2026 तक विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उपायुक्त राहुल नरवाल ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और खेती को आधुनिक एवं लाभकारी बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। एसबी-89 योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से अनुसूचित जाति के पात्र किसानों को आधुनिक ट्रैक्टर खरीदने में आर्थिक सहायता मिलेगी, जिससे वे कृषि कार्यों को अधिक सुविधाजनक एवं कम समय में पूरा कर सकेंगे। उन्होंने पात्र किसानों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की।

सहायक कृषि अभियंता गोपीराम सांगवान ने योजना की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक किसान का मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त आवेदक अथवा उसकी परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) आईडी के अंतर्गत आने वाले परिवार के किसी भी सदस्य के नाम कृषि भूमि का मालिकाना हक होना चाहिए। आवेदक हांसी जिले का निवासी होने के साथ-साथ अनुसूचित जाति श्रेणी से संबंधित होना चाहिए। उन्होंने बताया कि ऐसे किसान ही आवेदन के पात्र होंगे, जिन्होंने पिछले पांच वर्षों के दौरान कृषि विभाग की किसी भी योजना के तहत ट्रैक्टर खरीद पर अनुदान का लाभ प्राप्त नहीं किया है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत जिलावार लक्ष्य का निर्धारण मुख्यालय स्तर पर मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत अनुसूचित जाति के किसानों की संख्या के आधार पर किया जाएगा। यदि निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो लाभार्थियों का चयन उपायुक्त, हांसी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी कमेटी द्वारा पारदर्शी तरीके से ड्रा के माध्यम से किया जाएगा।

सहायक कृषि अभियंता ने बताया कि चयनित किसानों के दस्तावेजों की जांच के उपरांत उन्हें ऑनलाइन अनुदान पात्रता प्रमाण पत्र (एसईसी) जारी किया जाएगा। इसके बाद किसान कृषि विभाग द्वारा अनुमोदित ट्रैक्टर निर्माताओं में से अपनी पसंद के निर्माता से ट्रैक्टर खरीद सकेंगे। ट्रैक्टर खरीदने के बाद संबंधित बिल एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज 15 दिन के अंदर सहायक कृषि अभियंता अथवा उप कृषि निदेशक हांसी के कार्यालय में जमा करवाने अनिवार्य होंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रैक्टर की पूरी कीमत का भुगतान लाभार्थी किसान द्वारा अपने बैंक खाते से ऑनलाइन माध्यम से करना होगा। नकद भुगतान किसी भी स्थिति में मान्य नहीं होगा। ट्रैक्टर खरीद के बाद जिला स्तरीय कार्यकारी कमेटी द्वारा उसका भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सभी निर्धारित औपचारिकताएं पूरी होने के उपरांत अनुदान राशि सीधे लाभार्थी किसान के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी।

पांच वर्ष तक ट्रैक्टर बेचने पर रहेगी पाबंदी

योजना की शर्तों के संबंध में उन्होंने बताया कि एसबी-89 योजना के तहत अनुदान पर ट्रैक्टर खरीदने वाले लाभार्थी किसान उसे अगले पांच वर्षों तक बेच नहीं सकेंगे। इस संबंध में किसान को सहायक कृषि अभियंता के कार्यालय में निर्धारित शपथ पत्र भी जमा करवाना होगा। योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अनुदान का लाभ वास्तविक पात्र किसानों तक पहुंचे और किसान लंबे समय तक आधुनिक कृषि उपकरणों का उपयोग कर सकें।

उपायुक्त राहुल नरवाल ने पात्र अनुसूचित जाति के किसानों से अपील की कि वे योजना की शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़कर अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 से पहले ऑनलाइन आवेदन करें। योजना से संबंधित पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य जानकारी के लिए किसान उप कृषि निदेशक अथवा सहायक कृषि अभियंता, हिसार के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

You Might Also Like

Leave a Comment