फतेहाबाद में 2 नीलगायों को मारी गोली: एक ने मौके पर दम तोड़ा
Fatehabad News Today: भूना खंड के गांव खजूरी जांटी में दो संरक्षित वन्य प्राणियों (नीलगाय/रोझ) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। प्रथम दृष्टया शिकार की आशंका के चलते वन्य जीव विभाग की शिकायत पर भूना थाना पुलिस ने अज्ञात शिकारियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फतेहाबाद के उप वन्य जीव निरीक्षक सुरेश कुमार ने भूना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 नवंबर की शाम करीब 5:30 बजे खजूरी जांटी निवासी विष्णु पुत्र भूप सिंह ने उन्हें फोन पर सूचना दी थी। विष्णु ने बताया कि उनके खेतों के पास दो रोझ घायल अवस्था में पड़े हैं, जिनमें से एक की मौत हो चुकी है। ( Bhuna News in Hindi)
सूचना मिलते ही उप वन्य जीव निरीक्षक सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जांच में पाया गया कि एक रोझ मृत था, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल अवस्था में तड़प रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस बल की मौजूदगी में दोनों वन्य प्राणियों को रेस्क्यू कर गांव खजूरी जांटी के पशु अस्पताल पहुंचाया गया।
पशु अस्पताल खजूरी जांटी में चिकित्सकों ने एक रोझ को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे रोझ का उपचार शुरू किया गया, लेकिन 16 नवंबर को इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
उप वन्य जीव निरीक्षक ने अपनी शिकायत में आशंका जताई है कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से शिकार करने के उद्देश्य से इन वन्य प्राणियों को चोट पहुंचाई गई, जिसके कारण दोनों की जान चली गई। मौके से शिकारियों का कोई सुराग नहीं लग सका है। चूंकि रोझ (नीलगाय) वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित श्रेणी में आता है, इसलिए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।








