डबवाली आज की ताजा खबर: डबवाली शहर में वाहन खरीदने के बहाने जीप चोरी करने का मामला सामने आया है। सिरसा रोड स्थित गुरुनानक मोटर्स के पास बिक्री के लिए खड़ी जीप को एक अज्ञात व्यक्ति महिला के साथ टेस्ट ड्राइव के बहाने लेकर फरार हो गया।
काफी देर तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर मालिक को धोखाधड़ी का पता चला। पुलिस को दी शिकायत में गांव सिंघेवाला, तहसील मलोट (जिला मुक्तसर साहिब) निवासी बूटा सिंह पुत्र दर्शन सिंह ने बताया कि उसकी महिंद्रा कंपनी की हरे रंग की 1985 मॉडल जीप बिक्री के लिए गुरुनानक मोटर्स डबवाली के पास खड़ी थी।
मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक व्यक्ति महिला के साथ वहां पहुंचा और जीप खरीदने में रुचि दिखाई। उसने पहले जीप चलाकर देखने की बात कही। इस पर मालिक राजिंदर सिंह ने उसे चाबी दे दी। आरोप है कि व्यक्ति महिला के साथ जीप लेकर टेस्ट ड्राइव के लिए निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। पीड़ित ने अपने स्तर पर दोनों की तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। उसने आशंका जताई कि दोनों मिलकर जीप चोरी कर ले गए।
शिकायत मिलने पर करेंगे कार्रवाई
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अवतार सिंह ने बताया कि उनके पास अभी तक कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।










