कैथल में गुंडागर्दी: सेरधा गांव में घर पर धावा
कैथल आज की ताजा खबर : कैथल जिले के राजौंद क्षेत्र के गांव सेरधा में पुरानी रंजिश के चलते 20 से अधिक लोगों पर घर में घुसकर एक परिवार के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। इसके अलावा घर से सामान और पुत्रवधू के सोने के आभूषण, बालियां व पायल चोरी कर ले गए। पीड़िता पूनम ने एसपी कार्यालय में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पूनम ने शिकायत में बताया कि 23 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे आरोपी हथियारों से लैस होकर उसके घर पहुंचे।
उस समय घर पर उसका बीमार बेटा मनोज मौजूद था, जबकि पति बाहर गया हुआ था। आरोपियों ने घर में घुसकर उसके और बेटे के साथ मारपीट की। बाद में पति के घर पहुंचने पर उसके साथ भी मारपीट की गई, जिससे उसके दांत टूट गए। पीड़िता के अनुसार, हमलावरों ने लात-घूंसों और तेजधार हथियारों से परिवार पर हमला किया। घर का दरवाजा और ताला तोड़ने के साथ सामान भी उठा ले गए।
महिला ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उसने राजौंद थाना में शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद एसपी कार्यालय में शिकायत दी गई। पीएसआई रवि कुमार ने बताया कि पुलिस ने जांच के बाद 12 लोगों केशा, रामकुमार, नरेश, बहादुर, रोहताश, संदीप, सिंद्रा, कालू, दो सोनू, मेघा और जगदेव सहित अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











1 thought on “कैथल आज की ताजा खबर | सेरधा में घर में घुसकर हमला, 12 पर केस दर्ज ”