अलेवा मंडी में धान की खरीद बंद
जींद आज का ताजा समाचार : जींद जिले की अलेवा अनाज मंडी से बारीक किस्म (मुंछल) के 800 बैग धान लोड करके टोहाना स्थित श्री कृष्णा राइस मिल के लिए चला ट्रक चालक संदिग्ध परिस्थितियों में रास्ते में ही लापता हो गया। करीब 20 लाख रुपए कीमत का यह धान सोमवार देर शाम तक भी राइस मिल नहीं पहुंचा, जिससे आढ़तियों और परचेजरों में हड़कंप मच गया। मंगलवार को आढ़ती एसोसिएशन ने अलेवा थाना प्रभारी से मुलाकात कर मामले की जांच की मांग की।
जय श्री बालाजी फर्म के परचेजर नरवीर नेहरा ने बताया कि रविवार को ट्रांसपोर्टर यूनियन के माध्यम से पंजाब नंबर के ट्रक में धान लोड कराया गया था। काफी तलाश और चालकों से संपर्क के बावजूद ट्रक का कोई पता नहीं चला।
घटना के रोषस्वरूप आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान गोबिंद लोहान ने बताया कि परचेजरों ने बारीक किस्म के धान की खरीद बंद कर दी है। मंडी में पीआर और बारीक धान की खरीद रुकने से जाम जैसे हालात बन गए हैं। अलेवा थाना प्रभारी निरीक्षक पूर्ण दास ने बताया कि मौखिक सूचना मिल चुकी है और लिखित शिकायत के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।










