Farmers angry over water cut in Sundar Branch
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हरियाणा न्यूज टूडे, बवानीखेड़ा : सुंदर ब्रांच नहर में 15 दिन पानी और पूरा पानी चलाने की मांग को लेकर जमालपुर गांव में किसानों का धरना सोमवार को 52वें दिन भी जारी रहा। इससे पहले नारनौंद के किसान जींद भिवानी रोड़ पर जाम लगाकर अपनी पीड़ा जाहिर कर चुके हैं। धरने की अध्यक्षता वेदप्रकाश खेड़ी ने की।
उन्होंने कहा कि धरना देने के बावजूद यदि सुंदर नहर के पानी में कटौती की जा रही है तो किसानों को उनके हिस्से का पानी मिलने की गारंटी कैसे होगी। वेदप्रकाश खेड़ी ने कहा कि यमुना नदी में पर्याप्त पानी होने के बावजूद क्षेत्र के टीलों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। किसानों की मांग स्पष्ट है कि सुंदर ब्रांच नहर में 15 दिन तक पानी चलाया जाए और नहर में पूरा पानी दिया जाए।
इसी मांग को लेकर किसान लगातार संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनके हक के पानी की मांग पूरी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी मांग को लेकर चंडीगढ़ स्थित सिंचाई मंत्री के आवास तक पहुंचकर मांग पत्र भी सौंप चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पानी की मांग पर आंदोलन जारी रखने का ऐलान: धरने पर किसानों ने कहा कि सुंदर ब्रांच नहर में पर्याप्त पानी नहीं आने से क्षेत्र के किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक 15 दिन पानी और पूरा पानी चलाने की मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरने में प्रहलाद यादव, रामकुमार यादव, रामस्वरूप, हरिसिंह, भगवान सिंह भुरटाना, बहादुर सिंह लाम्बा, रमेश, पवन, चंद्रो, रूपा, कमला, बाला, श्रवण, सावित्री और शीला सहित अन्य किसान मौजूद रहे।














