Fraudulent investment scheme exposed in Fatehabad News
Fatehabad News: साइबर क्राइम फतेहाबाद पुलिस ने शेयर बाजार में मोटा पैसा कमाने एवं आईपीओ (प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम) में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का खुलासा किया है। इस साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को काबू किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12,000 रुपये नगद बरामद किए हैं। पूछताछ उपरांत आरोपी को नियमानुसार जमानत पर रिहा किया गया।
लर्निंग नॉलेज एंड बुक रिलीज में जोड़कर ठगी
थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि यह मामला साइबर पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता प्रदीप कुमार पुत्र संजय कुमार, निवासी ठाकुर बस्ती, फतेहाबाद, ने बताया कि उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप ए-48 नादिर वर्मा लर्निंग नॉलेज एंड बुक रिलीज में जोड़ा गया, जहां शेयर बाजार में निवेश कर अधिक लाभ कमाने का लालच देकर विभिन्न बैंक खातों एवं यूपीआई माध्यम से राशि स्थानांतरित करवाई गई।
फर्जी मोबाइल एप्लिकेशन से धोखाधड़ी
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने ओआरएलबीएमएलएलसी (ORLBMLLC) नामक एक फर्जी मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से शिकायतकर्ता को लगातार मुनाफा दिखाया और अलग-अलग तिथियों में रोहन एंटरप्राइजेज, सिटी होमलैंड रियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड, मोर मिट्टी कैफे सहित अन्य खातों में कुल 23,89,000 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। बाद में जब शिकायतकर्ता को किसी भी प्रकार की राशि वापस प्राप्त नहीं हुई, तब उसे अपने साथ साइबर ठगी होने का अहसास हुआ।

साइबर क्राइम फतेहाबाद पुलिस की कार्रवाई
शिकायत व जांच के आधार पर अभियोग संख्या 91 दिनांक 26.12.2025, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद में मामला दर्ज किया गया। आरोपी की पहचान कमलेश कुमार कुमावत पुत्र हनुमान लाल, निवासी अमराबुल की ढाणी, गांव नौरंगपुरा, जिला जयपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। मामले की जांच जारी है तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों एवं बैंक खातों की गहनता से जांच की जा रही है।