उमरा व ढाणी केन्दू में ताला तोड़कर मकानों में चोरी
हरियाणा न्यूज: हांसी क्षेत्र में इन दिनों चोरों का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले के गांव उमरा व ढाणी केन्दू में अज्ञात चोर मकानों के ताला तोड़कर लाखों रुपए की नकदी और जेवरात चोरी करके फरार हो गए। पीड़ित परिवारों ने इसकी शिकायत हांसी सदर थाना में दी है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
ढाणी केन्दू में चोरी
हांसी क्षेत्र के गांव ढाणी केन्दू निवासी सुभाष चंद्र ने बताया कि वह ट्यूबवेल इंजनों के मिस्त्री हैं और साथ में पशुपालन का काम करते हैं। उनके गांव में बालाजी का जागरण था और वह रात को अपने मकान के ड्राइंग रूम में अकेले सो रहे थे। रात करीब 11 बजे उनके परिवार के सभी सदस्य मकान के गेट पर बाहर से ताला लगाकर जागरण में चले गए थे।
शेखपुरा पुलिस चौकी में दी शिकायत में सुभाष चंद्र ने बताया कि सुबह करीब 3 बजे उनका बेटा प्रदीप घर आया तो गेट पर लगा ताला टूटा हुआ मिला। जब अंदर आकर देखा तो अलमारी और लॉकर के ताले टूटे हुए थे और घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। उनके बेटे ने तुरंत ही उनको नींद से जगाया।
जब उन्होंने देखा तो जेवरात के डिब्बे खाली पड़े हुए थे और जेवरात गायब थे। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले भैंस बेची थी और उसकी 1 लाख 25 हजार रुपये की रकम आई हुई थी, जेवरात इस प्रकार से है- एक चैन सैट सोना वजन 1 तोला, एक मगंलसुत्र सोना वजन 1 तोला , एक सोने की अंगुठी वजन 5 ग्राम, एक सोने का टिका वजन 5.5 ग्राम , एक जोड़ी सोने के कान टोपस वजन 5 ग्राम , एक चांद सोना बच्चा का वजन 3 ग्राम , एक चांदी का कड़ा वजन 5 तोला , 3 जोड़ी चांदी की पाजेब वजन 12 तोला , छोटी बच्ची की 2 जोड़ी चांदी की पाजेब वजन 4 तोला , एक जोड़ी चांदी का कुंडल वजन 2 तोला व एक जोड़ी चांदी का पातड़ी वजन 3 ग्राम हैं। जो कि घर पर रखी थी और वह भी गायब मिली।
उमरा गांव में सुनसान मकान में चोरी
हांसी के नजदीकी गांव उमरा में अज्ञात चोरों ने एक सुनसान मकान को निशाना बनाते हुए हजारों रुपए की नकदी व जेवरात चोरी कर लिए। हांसी सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में उमरा निवासी शांति देवी ने बताया कि उनके दो बेटे हैं और दोनों गांव से बाहर रहते हैं, जबकि वह गांव के पैतृक मकान में अकेली रहती हैं।
पीड़ित महिला ने बताया कि 23 अक्टूबर को वह अपने मकान पर ताला लगाकर अपने बेटे सुरेंद्र के पास हिसार चली गई थीं। जब वह 28 अक्टूबर को गांव वापस आईं, तो देखा कि उनके मकान के दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ है। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तुरंत ही इसकी सूचना अपने बेटे व पुलिस को दी। जब उन्होंने सामान चेक किया तो घर में रखी 20 हजार की नकदी और आधा तोला सोने की अंगूठी गायब मिली।
हांसी सदर थाना पुलिस ने दोनों चोरी की वारदातों में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। अज्ञात चोरों की पहचान के लिए पुलिस गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में लगी हुई है और अन्य तकनीकी सहायता ले रही है।













