फेसबुक पर दोस्त बनकर किसान से 4.52 लाख रुपये ठगे, केस दर्ज
हरियाणा न्यूज | हांसी जिले के गांव गैबीनगर में एक किसान से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठग ने अमेरिका में रहने वाले पीड़ित के दोस्त अमित देशवाल के नाम से फेसबुक आईडी बनाकर संपर्क किया। उसने बैंक खाते में बड़ी रकम ट्रांसफर करने का झांसा देकर 4.52 लाख रुपये अलग-अलग यूपीआई आईडी पर मंगवा लिए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता संदीप कुमार के मुताबिक, 22 अक्टूबर को मैसेंजर पर अमित देशवाल के नाम से संदेश आया। आरोपी ने कहा कि वह पैसे भेज रहा है। भारत आने पर रकम वापस ले लेगा। 23 अक्टूबर को आरोपी ने 9.45 लाख रुपये भेजने की बात कही। 24 घंटे में खाते में आने का दावा किया। इसके बाद उसने व्हाट्सएप पर एक नंबर भेजा। उसे वकील बताया। कुछ स्कैन किए हुए दस्तावेज और बैंक जानकारी भी साझा की। संदीप ने 23 अक्टूबर को कुल 3.05 लाख रुपये और 24 अक्टूबर को 1.47 लाख रुपये कई बार में अलग-अलग यूपीआई आईडी पर ट्रांसफर कर दिए।
जब आरोपी ने और रकम भेजने की बात कही तो संदीप को शक हुआ। 25 अक्टूबर को उसने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दी। शिकायत के आधार पर 26 अक्टूबर को साइबर अपराध थाना हांसी में मामला दर्ज किया गया।














