फोन पर गाली-गलौज के बाद विवाद
Hansi News Live : हाँसी जिले के अंतर्गत आने वाले लोहारी राघो गांव में फोन पर गाली-गलौज और पुरानी कहासुनी को लेकर दो पक्षों में विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक लोगों ने मिलकर एक युवक पर लाठी-डंडों व नुकीली चीज से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इतना ही नहीं, हमलावरों ने युवक की कार के शीशे भी तोड़ दिए और जान से मारने की धमकी दी। घायल अवस्था में युवक को हांसी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह है पूरा मामला
Narnaund Police को दी गई शिकायत में लोहारी राघो निवासी रजत (पुत्र प्रेम कुमार, उम्र 20 वर्ष) ने बताया कि वह पढ़ाई करता है। बीती 22 अक्टूबर 2026 को उसके पास गांव के ही विकास (पुत्र लक्ष्मण दास) का फोन आया। फोन पर विकास ने उस पर आरोप लगाया कि वह उसे फोन करके गालियां दे रहा है।
रजत के अनुसार, उसने विकास से कहा कि वह इस समय सिरसा गया हुआ है और यदि उसके पास किसी नंबर से फोन आया है, तो वह नंबर उसे बताए। इस पर विकास ने कहा कि वह उसे फोन नंबर का स्क्रीनशॉट और रिकॉर्डिंग भेज रहा है। इसके कुछ देर बाद विकास ने फोन अपने पिता लक्ष्मण दास को दे दिया।
आरोप है कि लक्ष्मण दास ने फोन पर रजत को गालियां दीं और कहा कि “तुम लुकते फिर रहे हो, दम है तो अभी गांव में आओ।”
घर के बाहर गली में हुआ झगड़ा
रजत ने पुलिस को बताया कि उस समय वह अपनी रिट्ज कार (नंबर HR 12T 0594) में था। रास्ते में माजरा प्याऊ के पास उसका दोस्त अनिल (पुत्र धर्मपाल, निवासी लोहारी राघो) उसे मिल गया, जिसके बाद वे दोनों कार में सवार होकर अपने घर आ रहे थे।
जब वे अपने घर के गेट के पास गली में पहुंचे और गाड़ी रोकी, तो तभी अचानक वहां लाठी-डंडों और हथियारों से लैस होकर कई लोग आ धमके। शिकायत में लक्ष्मण दास (पुत्र मांगाराम), विकास (पुत्र लक्ष्मण दास), अमन व रमन (पुत्रान कश्मीरी लाल), कश्मीरी लाल (पुत्र मांगाराम), भीम (पुत्र सोना राम) और संतोष (पत्नी लक्ष्मण दास, सभी निवासी लोहारी राघो) को नामजद किया गया है।
गाड़ी के शीशे तोड़े और नुकीली चीज से किया वार
पीड़ित रजत ने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचते ही विकास ने उसकी कार के शीशे तोड़ दिए। वहीं, लक्ष्मण दास ने हाथ में लिए डंडे से उसके बाएं हाथ पर जोरदार वार किया, जिससे वह नीचे गिर गया। नीचे गिरने के बाद अमन और रमन ने उसे थप्पड़-मुक्कों से पीटा।
आरोप है कि इसी दौरान विकास ने अपने हाथ में ली हुई किसी नुकीली लोहे की चीज से रजत की कमर और बाएं हाथ की बाजू पर वार किए। इस दौरान कश्मीरी लाल, संतोष और भीम लगातार गालियां देते रहे। घटना को अंजाम देने के बाद जब हमलावर जाने लगे, तो लक्ष्मण दास ने धमकी दी कि “दोबारा हमसे पंगा लिया तो जान से मार देंगे।”
अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच जारी
घटना के बाद पीड़ित रजत अपने दोस्त अनिल की मदद से अपनी रिट्ज कार लेकर तुरंत हांसी के नागरिक अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज किया जा रहा है।
पीड़ित ने पुलिस से मांग की है कि बिना किसी वजह के उस पर हमला करने और उसकी गाड़ी तोड़ने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हांसी समाचार: नारनौंद में छात्र पर हमला, लोहारी राघो के किशोर के पैर में फ्रैक्चर,
हांसी समाचार: उमरा और ढाणी केन्दू में लाखों की चोरी, ताला तोड़कर नकदी व जेवरात ले उड़े चोर,













