Hansi NewsToday : Longing for drinking water in Hansi grain market
खाली पानी की टंकी को दिखाते हुए मजदूर।
हरियाणा न्यूज टूडे/सुनील कोहाड़। हांसी की ताजा खबर : एक तरफ तो अनाज मंडी एसोसियशन व हांसी प्रशासन अनाज मंडी में किसानों व मजदूरों के लिए सभी आवश्यक सेवाएं मुहैया करवाने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर अनाज मंडी मजदूर पानी और अन्य सुविधाओं को लेकर परेशान है। शनिवार को अनाजमंडी के मजदूरों ने पानी की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन दर्ज कराया तथा सरकार और प्रशासन की नीतियों की पोल खोली।
मंडी मजदूर यूनियन के प्रवक्ता चंडी राम ने बताया कि हांसी की अनाजमंडी में हजारों की संख्या में मजदूर काम करते हैं, तथा सैकड़ो की संख्या में रोजाना किसान तथा दूसरे लोग मंडी में आते रहते है, लेकिन बड़े दुख की बात है कि पिछले 25-30 दिन से अनाज मंडी में जो पानी पिलाने की जो टंकियां बनी हुई है उनके टैंक खाली पड़े हुए है। अनाज मंडी में पीने के पानी की भारी किल्लत बनी हुई है, जिसके चलते मजदूरों, किसानों व आमजन को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसी गर्मी में जहां पर पानी के बिना एक मिनट भी नहीं रह सकते वहां पर सारे दिन पानी नहीं मिलता है। मजदूर पानी के लिए इधर उधर भटकते फिरते रहते है। उन्होंने पानी के अलावा वहां के शौचालय के बारे में बताया कि उनकी हालत भी बद से बदतर हो रही है। उनकी कोई सफाई नहीं हो पानी और ना ही पानी का कोई इंतजाम है। उन्होंने बताया कि अनाज मंडी प्रशासन और हांसी प्रशासन कुंभकरण की नींद सोया हुआ है, इन समस्याओं की कोई सुध नहीं ले रहा है। अनाज मंडी में काम कर रही महिलाओं ने कहा कि लगातार ऐसी ही परिस्थितियों का सामना करते हुए मजदूर काम करें या पानी के लिए इधर उधर भटकता फिरे।
उन्होंने धर्मार्थ लोगों से अपील की कि वह जगह जगह प्याऊ लगवाते हैं, पानी पिलाते हैं, और अनाज मंडी के मजदूर पीने के पानी को लिए तरस रहे हैं, वह अनाज मंडी में भी एक दो प्याऊ लगवाने की कृपा करें। अनाज मंडी मजदूर यूनियन ने कहा कि यदि जल्द ही पीने का पानी की समस्या का हल नहीं हुआ तो सभी मजदूर आंदोलन करवाने के लिए मजबूर हो जाएंगे। इस अवसर पर मीणा, बिट्टू, रिना, मनजीत, सुनीता, सुंदरी, चांदीराम, बबलू, कृष्णा, राम अवतार सुलचानी, प्रहलाद सिंह, सज्जन ठेकेदार, हरि ज्ञान, राजेश, विनोद ठेकेदार, सन्त लाल इत्यादि मौजूद थे।