Hisar crime News Today Theft in Niyana village
Hisar Crime News: हिसार जिले के गांव नियाणा में सोमवार अलसुबह चोर ने एक दुकान से हजारों की नकदी और सोने के जेवरात चोरी कर रहा था कि मकान मालिक की आंख खुल गई। उसने चोर को पकड़ने का प्रयास किया। चोर ने मकान मालिक साधुराम के सिर पर लोहे की राड से हमला कर मौके से भाग गया।
लेकिन चोर फिर से चोरी करने के लिए दूसरे मकान में घुसा तो छत से गिरने की वजह से उसके पांव की हड्डी टूट गई। वह लड़खडाते हुए भाग गया। एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी में वारदात कैद हो गई। घायल साधुराम को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर युवक बुधराम के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पड़ोसी के घर का ताला तोड़कर छत के रास्ते से अंदर घुसा नियाणा के रहने वाले साधुराम के बेटे रिंकू ने बताया कि उनकी किराना की दुकान है और ऊपर में परिवार के साथ रहते हैं। अलसुबह करीब ढाई बजे एक चोर पड़ोसी के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसा। फिर वह पड़ोसी की छत से हमारी छत पर आया और सीढ़ियों से नीचे गया।
दुकान के दराज में रखी करीब दस हजार की नकदी और दूसरे दराज में रखी हुई सोने की बालियां और कोका चोरी कर लिया। इसी दौरान पिता की आंख खुल गई। उन्होंने चोर की देखा और पकड़ने का प्रयास किया। चोर ने लोहे की राड पिता के सिर में मारी। जिस कारण पिता जमीन पर गिर गए और चोर छत के रास्ते पड़ोसी की छत पर चला गया। फिर छत से कूदते समय नीचे गिर गया।
लड़खड़ाते दिखाई दे रहाः चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोर छत से गिरने से घायल हो गया। पांव की हड्डी टूटने के बाद यह एक लकड़ी का सहारा लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पास के ही मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर कैद हो गया। सुबह जब फुटेज देखी तो पता चला कि चोरी करने का आरोपित गांव का ही रहने वाला बुधराम है।