Hisar NewsToday: Young man dies after being hit by train in Hisar, the deceased was the only support of his elderly parents.
हरियाणा न्यूज टूडे/ सुनील कोहाड़
हिसार की ताजा खबर: हिसार सिरसा रेल मार्ग पर गांव न्योली कलां के पास अज्ञात परिस्थितियों में एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक रेलवे पुलिस को सूचना मिली थी कि हिसार सिरसा रेल मार्ग पर गांव न्योली कलां के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। इसकी सूचना मिलती है रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की तो मृतक की पहचान गांव मात्र श्याम निवासी धर्मपाल के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि धर्मपाल राजमिस्त्री का कार्य करता था और दो बच्चों का बाप था। 35 वर्षीय धर्मपाल अपने बुजुर्ग माता-पिता का इकलौता सहारा था और वह राजमिस्त्री का कार्य कर अपने बुजुर्ग माता-पिता का पेट भर रहा था। अज्ञात परिस्थितियों में धर्मपाल रेल की चपेट में आ गया और उसके हाथ पांव कट गए जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
रेलवे पुलिस ने इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी तो परिजनों ने बताया कि मंगलवार की शाम करीब 4 बजे किसी काम पर जाने की बात कह कर घर से बाहर गया था। लेकिन देर रात तक भी वह घर पर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसके फोन पर फोन किया लेकिन फोन किसी ने नहीं उठाया। रात भर परिजन धर्मपाल की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे लेकिन उसका कहीं से कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार की सुबह रेलवे पुलिस से उन्हें सूचना मिली कि धर्मपाल का शव हिसार सिरसा रेलवे ट्रैक पर गांव न्योली कलां के पास पड़ा हुआ है। जब वो मौके पर पहुंचे तो देखा कि शव धर्मपाल का ही है। रेलवे पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया।