जींद मर्डर केस अपडेट: जुलाना के डैनी हत्याकांड में दो गिरफ्तार, तीसरा अस्पताल में भर्ती
हरियाणा न्यूज(जींद): जींद के जुलाना में कृष्ण उर्फ डैनी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी घायल होने के कारण अस्पताल में भर्ती है। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है।
जुलाना के पुराने बस स्टैंड पर वारदात को अंजाम देकर हुए थे फरार
शुक्रवार रात जब जींद जिले के गांव करेला निवासी कृष्ण उर्फ डैनी अपने दोस्तों के साथ पार्टी करके घर लौट रहा था, तभी जुलाना के पुराने बस स्टैंड पर कार सवार युवकों ने उसे पास बुलाया और गोली मारकर हत्या कर मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बावजूद डैनी सीने पर हाथ रखकर चलता हुआ सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया था, लेकिन रोहतक पीजीआई ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पूर्व सैनिक के बेटे की हत्या में एवीटी टीम की कार्रवाई
जींद के पूर्व सैनिक जगदीश मूल रूप से गांव करेला के रहने वाले हैं, लेकिन पिछले काफी समय से वे परिवार सहित जुलाना में रह रहे हैं। उनके 22 वर्षीय बेटे कृष्ण उर्फ डैनी की हत्या के मामले में जींद पुलिस की एवीटी (AVT) टीम ने दो आरोपियों को काबू कर लिया है। वहीं, तीसरा आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश में गिरकर घायल हो गया।
डैनी मर्डर केस: गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने कृष्ण उर्फ डैनी की हत्या के मामले में आशीष उर्फ भोला और लोकेंद्र उर्फ मराठा को दबोच लिया है। उनका साथी अंगद पुलिस की हिरासत से भागने के प्रयास में गिरकर चोटिल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में अंकित उर्फ बाबा सहित चार आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
गाड़ी टकराने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर (FIR) के मुताबिक, कुछ दिन पहले कृष्ण उर्फ डैनी अपनी मां के साथ बाजार गया था। वहां गाड़ी हल्की सी टकराने को लेकर उसकी अंकित उर्फ बाबा व उसके साथियों के साथ बहस हो गई थी। उसी समय अंकित उर्फ बाबा ने डैनी को जान से मारने की धमकी दी थी और शुक्रवार रात गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
पूर्व पार्षद और बाप-बेटे समेत 7 लोगों पर मामला दर्ज
पुलिस ने मृतक के पिता (पूर्व सैनिक जगदीश) के बयान के आधार पर पूर्व पार्षद, बाप-बेटे और चार नामजद आरोपियों सहित कुल सात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा खुलासा कर सकती है।














