Jind Safidon News Today, illegal Sharab factory
Jind Safidon News : सफीदों पुलिस ने खेतों में छापेमारी कर अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से 400 लीटर लाहन सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को काबू कर उसके खिलाफ आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ सिटी थाना सफीदों में मामला दर्ज किया गया है।
थाना शहर सफीदों के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 21.12.2025 को उनकी एक टीम उप निरीक्षक कमलजीत सिंह के नेतृत्व में MG रोड, सफीदों क्षेत्र में अपराध रोकथाम व गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि गुरजीत वासी रांगड़ा मोहल्ला, सफीदों अपने खेत में बने मकान में अवैध रूप से लाहन तैयार कर कच्ची शराब निकालने व बेचने का कार्य कर रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति खेत के मकान में बने पशु बाड़े के पास आंगन में दो नीले रंग के प्लास्टिक ड्रमों के पास खड़ा डंडे से उन्हें हिलाता हुआ पाया गया। पुलिस टीम ने उसे तुंरत घेराबंदी कर उसे काबू किया। पूछताछ में उसने अपना नाम गुरजीत वासी सफीदों बताया।
ड्रमों की नियमानुसार जांच करने पर उनमें लाहण (कच्ची शराब बनाने का घोल) पाया गया । मौके पर माप करने पर दोनों ड्रमों में 200-200 लीटर, कुल 400 लीटर लाहन बरामद हुई। बरामद लाहण को नियमानुसार सील कर पुलिस ने कब्जे में लिया है। आरोपी के खिलाफ शहर थाना सफीदों में मुकदमा नं 213 दिनांक 21.12.2025, धारा 61-4-20 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है ।