Republic Day 2026 full dress rehesal Rewari News
Rewari News Today : हर वर्ष की भांति इस बार भी रेवाड़ी जिला मुख्यालय सहित उपमंडल कोसली व बावल में गणतंत्र दिवस (Republic Day 2026) समारोह गरिमामयी व भव्य तरीके से मनाया जाएगा। रेवाड़ी जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन रेवाड़ी में 26 जनवरी को मनाए जाने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के लिए विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने एडीसी राहुल मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में परेड, मार्च पास्ट, पीटी व डंबल शो सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास किया। गुरुवार को एडीसी राहुल मोदी ने प्रतिभागियों द्वारा किए गए पूर्वाभ्यास का निरीक्षण करते हुए टीम इंचार्ज को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागी 26 जनवरी Republic Day 2026 को बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे जिसकी बानगी अब पूर्वाभ्यास में देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन गरिमामयी ढंग से होगा। गणतंत्र दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल शनिवार, 24 जनवरी को डीसी अभिषेक मीणा की अध्यक्षता में आयोजित होगी। गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम देशभक्ति से ओतप्रोत सहित प्रेरणादायक एवं शिक्षाप्रद होंगे।
हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम होंगे रेवाड़ी गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि
एडीसी ने बताया कि इस बार रेवाड़ी जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस (Rewari Republic Day 2026) समारोह में हरियाणा के खेल, युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि होंगे। वहीं उपमंडल बावल में आयोजित होने वाले उपमंडल स्तरीय समारोह में विधायक बावल डा. कृष्ण कुमार तथा उपमंडल कोसली में विधायक कोसली अनिल यादव बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराने उपरांत परेड का निरीक्षण करेंगे और मार्च पास्ट की सलामी लेंगे।
पुलिस लाइन रेवाड़ी के प्रांगण में आयोजित रिहर्सल में जिला शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र हुड्डा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप दहिया, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की नोडल अधिकारी एवं कार्यवाहक प्राचार्या डा. ज्योत्सना यादव व प्रवक्ता पूनम यादव की देखरेख में प्रतिभागी विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित अन्य गतिविधियों का अभ्यास किया जा रहा है। समारोह के लिए मंच संचालन का दायित्व प्राचार्य एवं साहित्यकार सत्यवीर नाहडिय़ा द्वारा निभाया जाएगा।