Rewari ki Taaja News: एग्री स्टैक फार्मर आईडी पंजीकरण में पहला स्थान
बिना फार्मर आईडी के नहीं मिल पाएगा कृषि योजनाओं का लाभ
Rewari ki Taaja News : एग्री स्टैक के तहत फार्मर आईडी बनाने के मामले में रेवाड़ी जिला प्रदेश में पहले स्थान पर है। जिला में करीब 35 हजार 677 किसानों की आईडी बनाई जा चुकी है। डीसी अभिषेक मीणा के निर्देशानुसार जिला कृषि एवं किसान कल्याण विभाग व संबंधित विभाग लगातार इस मामले में कार्य कर रहे हैं ताकि सभी किसानों की आईडी बनाई जा सके और जिला के प्रत्येक किसान को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
प्रदेश में एग्री स्टैक के तहत किसानों की आईडी बनाने का कार्य किया जा रहा है। जिला में भी कृषि विभाग की ओर से इस कार्य को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। जिला में अभी तक पीएम किसान निधि योजना के तहत 58 हजार 767 किसान पंजीकृत है जिनमें से करीब 35 हजार 677 किसानों की आईडी बनाई जा चुकी है जोकि पूरे प्रदेश में किसी भी जिला द्वारा बनाई गई आईडी में पहले स्थान पर है। विभाग की ओर से सरकार के निर्देशों पर विशेष अभियान चलाकर किसानों की आईडी बनाई जा रही है।
कृषि विभाग के अधिकारी जिला के विभिन्न गांवों में किसानों को फार्मर आईडी बनवाने के लिए जागरूक भी कर रहे हैं। संबंधित टीमें शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए लगातार फील्ड में कार्य करें। एग्री स्टैक फार्मर आईडी किसानों के लिए बेहद उपयोगी है, क्योंकि इसके माध्यम से उन्हें सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं, सब्सिडी, बीमा, ऋण और अन्य लाभ सीधे व पारदर्शी तरीके से मिल सकेंगे। इस आईडी के बिना किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा है कि एग्री स्टैक योजना के तहत किसानों की फार्मर आईडी बनाने का कार्य लगातार प्रगति पर है। जिला के सभी किसान समय निकालकर अपनी फार्मर आईडी अवश्य बनवाएं और कृषि से जुड़ी सरकारी योजनाओं में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने बताया कि गांव में कैंप आयोजित करने का मुख्य मकसद यही है कि अधिकतर किसानों को कवर किया जा सके और कोई भी पात्र किसान इस सुविधा से वंचित न रहे।
समाधान शिविर आमजन की समस्याओं का निवारण केंद्र : डीसी
-डीसी अभिषेक मीणा ने समाधान शिविर में आमजन की सुनी शिकायतें
-जिला के साथ उपमंडल स्तर पर भी आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों का लाभ उठाएं नागरिक
Latest News Rewari: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों का प्रभावी एवं त्वरिता से निवारण के लिए समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। ये शिविर आमजन की समस्याओं के निवारण का केंद्र बन रहे हैं। इसी कड़ी में डीसी अभिषेक मीणा की अध्यक्षता में सोमवार को लघु सचिवालय में समाधान शिविर लगाया गया।
शिविर में आए लोगों की शिकायतें सुनते हुए डीसी ने प्राथमिकता से निवारण करवाया। वहीं लंबित शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारी को तत्परता से निवारण करवाने के निर्देश दिए। डीसी अभिषेक मीणा ने समाधान शिविर में आई शहर के होली पार्क और घटाल महानियावास गांव में गंदा पानी की शिकायत पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर समस्या का निवारण करवाने के निर्देश दिए। वहीं शिक्षा विभाग के कर्मचारी के वेतन संबंधित शिकायत पर जिला शिक्षा अधिकारी को जांच कर समाधान करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा शहर के सेक्टर एक में पार्कों के सौंदर्यीकरण न होने की शिकायत पर संबंधित विभाग के अधिकारी को जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पार्कों में सौंदर्यीकरण करवाने के साथ साफ-सफाई भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा समाधान शिविर में पेंशन, प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, शिक्षा व पुलिस सहित अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें आईं। डीसी ने मौके पर ही आमजन की शिकायतों का निवारण करवाया। वहीं लंबित शिकायतों के लिए समय निर्धारित करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निवारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि आमजन की समस्याओं का निवारण करवाना शासन और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला व उपमंडल स्तर पर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों में नागरिकों की शिकायतों के निवारण के लिए सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहते हैं। उन्होंने नागरिकों से इन शिविरों का लाभ उठाते हुए अपनी समस्याओं का निवारण करवाने का आह्वान किया।
बैठक में एडीसी राहुल मोदी, सीटीएम जितेंद्र कुमार व डीएसपी पवन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
39वां सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव
सूरजकुंड मेला घुमाने में स्मार्ट साथी बनेगा ‘मेला साथी’ ऐप : डीसी
गूगल प्ले स्टोर से किया जा सकता है डाउनलोड
फरीदाबाद के सूरजकुंड में 15 फरवरी तक किया जा रहा है अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव का आयोजन

Rewari ki Taaja News: रेवाड़ी डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा फरीदाबाद में 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। सूरजकुंड हस्तशिल्प मेला घूमने आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए हरियाणा पर्यटन विभाग की ओर से ‘मेला साथी’ ऐप का शुभारंभ किया गया है। इस ‘मेला साथी’ ऐप के जरिए पर्यटकों को मेले से जुड़ी हर जानकारी मोबाइल पर उपलब्ध होगी।
डीसी अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि 39वां सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव का शुभारंभ 31 जनवरी को देश के उपराष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन ने किया था। पर्यटन विभाग हरियाणा द्वारा आयोजित सूरजकुंड शिल्प मेला का 15 फरवरी तक आयोजन किया जाएगा। इस मेला में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए मेला साथी ऐप शुरू किया गया है। इस ‘मेला साथी’ ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।
सूरजकुंड मेला साथी ऐप के जरिये पर्यटकों को स्टॉलों की लोकेशन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समय, कलाकारों और शिल्पकारों का परिचय, खानपान जोन, पार्किंग व्यवस्था, आपात सेवाएं सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी एक क्लिक पर मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि यह ऐप हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है।
लघु खनिज संबंधित डीएसआर वेबसाइट पर अपलोड, 3 मार्च तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति या सुझाव : जिलाधीश
Rewari जिलाधीश एवं डीईआईईएए के अध्यक्ष अभिषेक मीणा ने बताया कि पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय केंद्र सरकार की अधिसूचना के अनुसार लघु खनिज जिला रेवाड़ी से संबंधित जिला सर्वेक्षण रिपोर्ट (डीएसआर) को जिला प्रशासन की वेबसाइट www.rewari.gov.in पर अपलोड कर दिया गया है। जिला रेवाड़ी के नागरिक/संस्था अपने सुझाव व आपत्तियां संबंधित साक्ष्य के साथ miningofficerrewari@gmail.com पर 3 मार्च 2026 तक ई-मेल कर सकते हैं अथवा खनन अधिकारी कार्यालय में दे सकते हैं। जिलाधीश ने बताया कि बिना साक्ष्य भेजे गए सुझावों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।