शादी का झांसा देकर होटल में दुष्कर्म का आरोप, रोहतक में पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज
हरियाणा न्यूज | रोहतक। रोहतक में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। चरखी दादरी जिले की रहने वाली युवती की शिकायत पर अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने झज्जर निवासी कपिल और उसके पिता जोगेंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया है। युवती ने आरोपी पर शादी का वादा कर होटल में शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी की बात से पीछे हटने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली में हुई थी दोनों की जान-पहचान
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, युवती का दिल्ली आना-जाना था। इसी दौरान उसकी मुलाकात कपिल से हुई। वर्ष 2024 में दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी और उन्होंने एक-दूसरे के फोन नंबर भी साझा किए। इसके बाद दोनों की फोन पर बातचीत होने लगी।
युवती का आरोप है कि बातचीत के दौरान कपिल ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा। युवती ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
रोहतक के होटल में संबंध बनाने का आरोप
शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि कपिल उसे रोहतक के एक होटल में बुलाता था। वहां शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। युवती के मुताबिक, जब उसने बाद में कपिल से शादी करने की बात कही तो वह टालमटोल करने लगा।
जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
युवती ने शिकायत में आरोप लगाया कि शादी के लिए दबाव बनाने पर कपिल ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद युवती ने पुलिस से शिकायत की।
अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी निरीक्षक कमलजीत सिंह के अनुसार, युवती की शिकायत के आधार पर कपिल और उसके पिता जोगेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।













