Punjab State Lottery का झांसा देकर ठगे 78 हजार, जीएसटी और रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर धोखाधड़ी
सिरसा: Punjab State Lottery में 10 लाख रुपये का इनाम निकलने का झांसा देकर साइबर ठगों ने सिरसा के एक व्यक्ति से 78 हजार 200 रुपये ठग लिए। आरोपियों ने इनाम की राशि जारी करवाने के नाम पर जीएसटी, रजिस्ट्रेशन फीस और अन्य औपचारिकताओं का हवाला देकर अलग-अलग किस्तों में रकम जमा करवाई। पीड़ित को न तो इनाम मिला और न ही ठगी गई रकम वापस हुई। अब उसने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और रकम वापस दिलवाने की मांग की है।
पटेल बस्ती, बेगू रोड निवासी भीम सैनी पुत्र हुकम चंद ने शिकायत में बताया कि उनकी माता निर्मला देवी का हिसार के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसी दौरान 16 नवंबर 2026 को उन्होंने पंजाब स्टेट लॉटरी का विज्ञापन देखा। इसके बाद गोपी ब्रदर्स लॉटरी रिटेलर के क्यूआर कोड पर 900 रुपये का भुगतान कर टिकट लिया। कुछ समय बाद उनके व्हाट्सएप पर संदेश आया कि 16 नवंबर की Punjab State Lottery जेमिनी-281659 लॉटरी का चौथा इनाम 10 लाख रुपये निकला है।
इसके बाद विदेशी मोबाइल नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम मनप्रीत सिंह बताया और व्हाट्सएप पर Punjab State Lottery टिकट व इनाम से जुड़ी जानकारी भेजी। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने पहले जीएसटी, फिर रजिस्ट्रेशन फीस और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर पैसे मांगे। 4500 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस बताने के बाद भी अलग-अलग किस्तों में भुगतान करवाया जाता रहा। इस तरह उससे कुल 78,200 रुपये जमा करवा लिए गए।
न इनाम मिला, न जमा रकम वापसः भीम सैनी ने बताया कि लगातार भुगतान करने के बावजूद उन्हें इनाम की राशि नहीं मिली। Punjab State Lottery Scam का पता चलने पर उन्होंने 18 नवंबर को साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। अब मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत में मामले की जांच करवाने, आरोपियों के खिलाफ साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज करने और रकम वापस दिलवाने की मांग की है। शिकायत के साथ लेनदेन और व्हाट्सएप बातचीत का विवरण भी संलग्न किया गया है।








