Youth Harassed by sasural Commits Suicide in Hansi News
Hansi News: हांसी में ससुरालियों से परेशान एक युवक ने सुसाइड कर लिया। युवक की मौत से गुस्साए उसके परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और गिरफ्तार करने की मांग को लेकर मृतक के शव को लेने से इनकार कर दिया। दिनभर नागरिक अस्पताल में तनाव का माहौल बना रहा।
कुलदीप सुसाइड केस अपडेट
मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार को गांव खरबला निवासी 29 वर्षीय कुलदीप ने अपने ही घर में पंखे पर फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया था। इसकी सूचना मिलते ही बास थाना पुलिस मौके पर पहुंचे और मृतक के शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी थी तथा मृतक केशव को पोस्टमार्टम के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल भेज दिया था।

शुक्रवार को पुलिस मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने की तैयारी कर रही थी कि तभी ग्रामीण महिलाओं के साथ नागरिक अस्पताल हांसी पहुंच गए और मृतक के शव को अंतिम संस्कार के लिए लेने से इनकार कर दिया। मृतक के भाई बिट्टू ने बताया कि उसके भाई कुलदीप की पत्नी की कुछ समय पहले मौत हो गई थी और उसके बाद से उसके ससुराल वाले कुलदीप को परेशान करने में लगे हुए थे। एक दफा तो उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी थी और उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर उसके भाई कुलदीप ने गुरुवार को घर में ही फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उनकी मांग है कि पुलिस जब तक उसके ससुराल पक्ष के आरोपी लोगों को गिरफ्तार नहीं करती तब तक वह अपने भाई का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। वहीं मृतक के पिता ने कहा कि उसके बेटे की मौत के जिम्मेदार उसके ससुराल वाले हैं।
ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग
उसके पिता ने आरोप लगाते हो कहा कि कुलदीप के ससुराल वाले कुलदीप की पत्नी की मौत के बाद लगातार उसे परेशान करने के साथ-साथ पैसे देने का दबाव बना रहे थे। जिसकी वजह से कुलदीप पिछले दिनों से परेशान चल रहा था और उसने सुसाइड कर लिया। जब तक पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई करते हो उन्हें गिरफ्तार नहीं करती तब तक वह अपने बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे क्योंकि अब उसकी दोनों मासूम बेटियां बेसहारा हो गई हैं।
फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड
वहीं गांव के पूर्व पंच सहित गांव के मौजिज लोगों ने बताया कि कुलदीप और उसके ससुराल पक्ष के लोगों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसको लेकर कई बार पंचायतें भी हुई और दोनों पक्षों को समझने का प्रयास किया था। लेकिन इसी बीच गुरुवार को कुलदीप ने फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया और परिजन उसके ससुराल पक्ष के लोगों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
इस संबंध में बास थाना प्रभारी बलवान सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की अलग-अलग एंगल से जांच करने में लगी हुई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी और निष्पक्ष तरीके से जांच करके जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाएगी।