LPG gas cylinder caught fire in Sirsa, one person got burnt
![]() |
| लीकेज से आग लगने पर जला हुआ सिलेंडर। |
हरियाणा न्यूज/सिरसा : सिरसा शहर के इंद्रपुरी मोहल्ला में बुधवार सुबह LPG गैस सिलेंडर में लगी आग की चपेट में आने से एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसा गैस सिलेंडर बदलते समय हुआ। पीडि़त ने आग बुझाने का प्रयास किया परंतु सिलेंडर की लीकेज न रूकने के कारण आग बुझाना मुश्किल हो गया। आस-पास के लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी जिसके बाद गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाई। घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
अस्पताल में उपचाराधीन इंद्रपुरी मोहल्ला निवासी राजेंद्र सिंह ने बताया कि वह अपने बड़े बेटे राजेश के साथ कुल्फी बनाने का काम करता है। आज सुबह राजेश कुल्फी की रेहड़ी लगाने के लिए घर से सात बजे निकल गया। उसके जाने के बाद वह भी रसोई में रबड़ी की कुल्फी बनाने के लिए दूध उबाल रहा था। इसी दौरान सिलेंडर खत्म होने वाला था तो उसने थोड़ी देर पहले सप्लाई देकर गए दूसरे सिलेंडर को चूल्हे से लगाने के लिए आगे किया। राजेंद्र के अनुसार जैसे ही उसने LPG cylinder लगाने के लिए उसका ढक्कन हटाया, उसमें से गैस लीक होने लगी। ज्यादा मात्रा में गैस लीक होने के कारण पास ही खत्म हो रहे LPG gas सिलेंडर ने आग पकड़ ली। जिसके कारण आग की लपटे सिलेंडर से निकलने लगी।
राजेंद्र ने आग बुझाने के लिए ढक्कन लगाने का प्रयास किया परंतु कामयाब नहीं हुआ। उसने आग बुझाने के लिए सिलेंडर पर गीला तौलिया भी डाला परंतु आग नहीं बुझी, इस दौरान वह आग की चपेट में आने से झुलस गया। आग लगने से उसके कंधे, हाथ तथा पीठ का उपरी हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। राजेंद्र झुलसी हालत में घर से बाहर निकला जहां आस-पड़ोस के लोगों ने पानी डालकर उसकी आग को बुझाया और दमकल विभाग को सूचित किया। करीब 15 मिनट में दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना की सूचना मिलते ही परिजन राजेंद्र को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। फिलहाल राजेंद्र का उपचार अस्पताल में जारी है।
ये भी पढ़ें:-
