---Advertisement---

Hisar News : सरकारी संस्थान का नाम संत नामदेव जी महाराज के नाम पर रखने की मुख्यमंत्री ने की घोषणा

By हरियाणा न्यूज टूडे

Published On:

Follow Us
---Advertisement---

Namdev Ji Maharaj samaro Hisar

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

हिसार में मनाया गया संत नामदेव जी महाराज राज्य स्तरीय समारोह, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की शिरकत

 



Hisar News : हरियाणा सरकार द्वारा संतों और महापुरुषों के उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाई जा रही ‘संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना’ के तहत आज हिसार में संत नामदेव जी महाराज राज्य स्तरीय समारोह में का आयोजन किया गया। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्रांगण में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

मुख्यमंत्री ने संत नामदेव जी को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन प्रेम, भक्ति और समानता का प्रतीक है। उन्होंने समाज में व्याप्त भेदभाव, छुआछूत और असमानता को मिटाकर मानवता को एकता के सूत्र में बांधने का काम किया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार में आयोजित राज्य स्तरीय संत शिरोमणि नामदेव जयंती समारोह में स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान करते हुए। साथ में हैं लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज की ओर से रैली के संयोजक सतबीर वर्मा द्वारा रखी गई मांग के अनुसार प्रदेश में किसी एक सरकारी संस्थान का नाम संत नामदेव जी महाराज के नाम पर रखने की घोषणा की। इसके अलावा, समाज की विभिन्न धर्मशालाओं के रख- रखाव और सोलर पैनल लगवाने के लिए 51 लाख रुपए देने की भी घोषणा की। साथ ही, उन्होंने कहा कि भिवानी, पानीपत और नारनौल में समाज द्वारा जमीन के लिए आवेदन करने पर नियमानुसार भूमि उपलब्ध करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इनके अलावा समाज द्वारा दी गई अन्य मांगों को संबंधित विभागों को भेजकर पूरा करवाने का काम किया जाएगा।

 

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में संत शिरोमणि नामदेव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन करते हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि  संत नामदेव जी हर व्यक्ति में ईश्वर का अंश देखते थे और इसी भाव से उन्होंने समाज में फैली जातिवाद, छुआछूत और असमानता जैसी बुराइयों को मिटाने का काम किया। उन्होंने बताया कि सच्चा धर्म वही है जो मानव को मानव से जोड़े और जो दूसरों के दु:ख को अपना दु:ख माने। उन्होंने कहा कि संत नामदेव जी का मेहनत, भक्ति और ईमानदारी से जीवन जीने का संदेश हरियाणा की सामाजिक चेतना में भी गहराई से रचा-बसा है। हरियाणा का श्रमिक वर्ग, किसान, कारीगर, दर्जी, लोहार, और हर परिश्रमी समुदाय, संत नामदेव जी की उसी भावना को अपने कर्म में जीता है।

हरियाणा में सद्भाव, सौहार्द और समान विकास के साथ आमजन की जिंदगी में आ रहा सुखद बदलाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सद्भाव, सौहार्द, समान विकास, समरसता और सहिष्णुता के साथ ऐसे परिवर्तन किए हैं, जिनसे आम नागरिक का जीवन अधिक सरल, सुगम और सुरक्षित बना है। आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ती। आज हरियाणा में आम आदमी की आशाएं और आकांक्षाएं साकार हो रही हैं तथा उनके सपनों को मूर्त रूप दिया जा रहा है। राज्य सरकार संतों और महापुरुषों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और उत्थान के लिए समर्पित है। सरकार का पहला और प्रमुख लक्ष्य समाज के सबसे गरीब व्यक्ति के जीवन स्तर को ऊपर उठाना है, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को साकार करने में संतों-महापुरुषों की शिक्षाएं आज भी हैं प्रासंगिक

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हम सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में 21वीं सदी के विकसित भारत का निर्माण कर रहे हैं, तब संत नामदेव जी की शिक्षाएं हमारे लिए और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाती हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जब देश सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर आगे बढ़ रहा है, तो यह मंत्र भी संत परंपरा से ही प्रेरित है।

 

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार में आयोजित राज्य स्तरीय संत शिरोमणि नामदेव जयंती समारोह को सम्बोधित करते हुए।

उन्होंने कहा कि संत-महात्मा, गुरु और महापुरुष न केवल हमारी अमूल्य धरोहर हैं बल्कि हमारी प्रेरणा भी हैं। ऐसी महान विभूतियों की शिक्षाएं पूरे मानव समाज की धरोहर हैं। उनकी विरासत को सम्भालने व सहेजने की जिम्मेदारी हम सबकी है।इसलिए सरकार ने संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना के तहत संतों व महापुरुषों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य यह है कि नई पीढ़ी उनके जीवन व कार्यों से प्रेरणा व मार्गदर्शन प्राप्त करे। इस समारोह का आयोजन भी इसी योजना के तहत किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महापुरुषों ने जो समानता का संदेश दिया है, उसे साकार करने के लिए सरकार ने अनेक ऐसी योजनाएं बनाई हैं, जिनसे गरीब से गरीब व्यक्ति का जीवन स्तर ऊंचा उठ सके। राज्य सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के दर्शन पर चलते हुए अन्त्योदय अभियान में उन परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत कर रही है, जो किन्हीं कारणों से पिछड़े रह गए।

पहले की सरकारें ओबीसी समाज को केवल वोट बैंक के लिए इस्तेमाल करती थी

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 से ओबीसी आयोग ही नहीं था। उस समय की सरकार ओबीसी समाज को केवल वोट बैंक के लिए इस्तेमाल करती थी, लेकिन उन्हें उनके अधिकार कभी नहीं मिले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओबीसी आयोग बना कर ओबीसी वर्ग के लोगों को उनके अधिकार देने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गरीब व्यक्ति का हमेशा शोषण किया है। वोट बैंक की राजनीति ही की है। हरियाणा में वर्ष 2013 में कांग्रेस सरकार ने गरीबों को 100- 100 गज के प्लॉट देने की बात कही थी लेकिन न तो उन्हें प्लॉट का कागज दिया न ही कब्जा दिया। वे लोग दर- दर भटक रहे थे। हमारी सरकार आने के बाद हमने उन लोगों को प्लॉट के कागज़ भी दिए और क़ब्ज़ा भी दिया।

महापुरुषों के समानता के संदेश पर चलते हुए गरीब कल्याण के लिए चलाई अनेक योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पिछड़ा वर्ग की क्रीमिलेयर आय सीमा को 6 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये वार्षिक किया है। शहरी स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं में पिछड़ा वर्ग (ए) को 8 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। पिछड़ा वर्ग- बी को पंचायती राज संस्थाओं व शहरी स्थानीय निकायों में आरक्षण दिया है। सरपंच पद के लिए 5 प्रतिशत तथा अन्य पदों के लिए उनकी जनसंख्या का 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्गों के उत्थान व कल्याण के लिए पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया है।

उन्होंने कहा कि आपकी बेटी हमारी बेटी योजना के अन्तर्गत 5 लाख 64 हजार परिवारों को तीन बेटियों के जन्म तक प्रति बेटी 21,000 रुपये दिए गए हैं। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 20 लाख बहन-बेटियों को आगामी हरियाणा दिवस से 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता का लाभ भी देने जा रहे हैं। विभिन्न आवास योजनाओं के तहत गरीब लोगों को मकान दिए जा रहे हैं। अब तक 1,75,547 परिवारों को मकान या प्लॉट मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि चिरायु-आयुष्मान योजना के तहत अब तक 25 लाख 39 हजार मरीजों का 3,486 करोड़ रुपये से अधिक का मुफ्त इलाज हुआ है।

संत नामदेव जी समानता, एकता और ईश्वर भक्ति के प्रतीक थे  – रणबीर सिंह गंगवा

लोक निर्माण और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि संत नामदेव जी महाराज जैसे महान संत, समाज सुधारक और समानता के संदेशवाहक थे। वे केवल भक्ति आंदोलन के अग्रदूत ही नहीं थे, बल्कि उन्होंने सामाजिक समानता, प्रेम, एकता और ईश्वर भक्ति को जीवन का सर्वोच्च मार्ग बताया। हमारे सभी संत-महात्मा किसी एक जाति या वर्ग के नहीं, बल्कि पूरे समाज के मार्गदर्शक होते हैं। वे भले ही विभिन्न परिवारों में जन्म लेते हैं, परंतु उनके उपदेश पूरे मानव समाज को दिशा देने वाले होते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने संत-महात्माओं की जयंती को सरकारी स्तर पर मनाने की परंपरा स्थापित की है। संत कबीर दास, गुरु रविदास, भगवान विश्वकर्मा, भगवान परशुराम, संत धन्ना भगत जैसे अनेक महापुरुषों की जयंती अब पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। यह कार्य भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने शुरू किया है, जबकि पिछली सरकारों के समय केवल अपने परिवार के लोगों की ही जयंतियां मनाने का काम किया जाता था।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हर वर्ग को समान अवसर देने का कार्य किया है। पिछली सरकारों में जहां पिछड़े और वंचित समाज के लोगों को नौकरी के अवसरों से वंचित रखा जाता था, वहीं अब योग्यता और मेरिट के आधार पर नौकरियां दी जा रही हैं। कभी जिन्हें अयोग्य कहा जाता था, आज वे युवा एचसीएस और अन्य प्रतिष्ठित सेवाओं में चयनित होकर समाज का गौरव बढ़ा रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नामदेव समाज सरकार की नीतियों से आत्मगौरव और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की नेतृत्व शैली ऐसी है, जिसमें जनता को मांगने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सरकार स्वयं प्रत्येक नागरिक तक उसका हक पहुँचाने का कार्य कर रही है।

इस अवसर पर विधायक सावित्री जिंदल, पूर्व मंत्री डॉ कमल गुप्ता, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, हिसार के मेयर प्रवीण पोपली, रैली संयोजक एवं पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, जिप चेयरमैन सोनू सिहाग,  पूर्व मंत्री अनूप धानक,  जिलाध्यक्ष अशोक सैनी, जवाहर सैनी,  नामदेव ट्रस्ट चेयरमैन मास्टर प्रताप वर्मा, गुजवि वीसी नरसी राम बिश्नोई, लुवास वीसी विनोद वर्मा, बीजेपी महामंत्री सुरेंद्र पुनिया, कृष्ण रोहिल्ला, प्रोफेसर विकास वर्मा, हरपाल वकील अग्रोहिया, विकास रोहिल्ला, मनीराम कोहली, विकास रोहिल्ला, विरेंद्र रोहिल्ला, डॉ रामनिवास, रामअवतार, नारायण, शांति स्वरूप, राममेहर, खेमचंद, रोशन लाल, दलीप, बाबू लाल, विकास वर्मा, विनोद वर्मा, राजेश, हरपाल एडवोकेट, सत्यवान सहित नामदेव सभा के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में प्रदेश के कोने कोने से आए समाज के लोग मौजूद रहे।

 

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

📢 हरियाणा की हर ब्रेकिंग न्यूज़ सबसे पहले पाने के लिए हमारा WhatsApp Channel अभी जॉइन करें।

📲 WhatsApp Channel Join करें

Contact us: info@haryana-news.in

© 2025 Haryana News. All Rights Reserved.

About Us | Privacy Policy | Contact Us | Disclaimer