भिवानी न्यूज। हरियाणा में सर्कल कबड्डी के खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गांव सुंगरपुर में बाबा शाहजी का वार्षिक मेला एवं खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई। मेले में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ कबड्डी मुकाबलों ने भी लोगों का खूब मनोरंजन किया। प्रतियोगिता में हरियाणा समेत अन्य राज्यों की कुल 67 टीमों ने हिस्सा लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि तक चले कबड्डी मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में मौजूद रहे। देर रात तक दर्शक खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और रोमांचक मुकाबलों का आनंद लेते रहे।
फाइनल में मिजापुर ने खड़क जाटान को हराया
सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मिजापुर (हिसार) और खड़क जाटान की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। आखिर में मिजापुर की टीम ने 2 अंकों के अंतर से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
विजेता मिजापुर टीम को एक लाख रुपये का नकद प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि उपविजेता खड़क जाटान की टीम को 71 हजार रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा मिजापुर टीम के बेस्ट रेडर और कैचर को 5100-5100 रुपये का पुरस्कार दिया गया।
महिला कबड्डी में राखी गढ़ी की टीम विजेता
आयोजन में महिलाओं की कबड्डी प्रतियोगिता भी करवाई गई, जिसमें चार टीमों ने भाग लिया। महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला राखी गढ़ी (हिसार) और किनाला (हिसार) के बीच हुआ। राखी गढ़ी की टीम ने मुकाबला 6 अंकों से जीतकर पहला स्थान हासिल किया।
विजेता राखी गढ़ी की टीम को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया, जबकि उपविजेता किनाला की टीम को 7100 रुपये देकर सम्मानित किया गया।
बाबा शाहजी के जागरण में उमड़ी श्रद्धा
खेल प्रतियोगिता से एक दिन पहले बाबा शाहजी के जागरण का भी आयोजन किया गया। इसमें गायकों और कलाकारों ने भजनों के माध्यम से बाबा शाहजी की महिमा का गुणगान किया। श्रद्धालुओं ने जागरण में पहुंचकर भजनों का आनंद लिया और बाबा शाहजी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण के आयोजन में कोच यजेश, शीला डीपीई, राजा डीपीई, राजेश मिरान, सतबीर संडवा, नरेंद्र देवराला पीटीआई और पवन दीनोद ने कोचिंग एवं रेफरी की भूमिका निभाई। समिति के सदस्यों ने विजेता टीमों को सम्मानित किया।












