कुरुक्षेत्र में बड़ा हादसा: लकड़ी से लदे ट्रैक्टर से टकराकर पलटी ट्राली, 2 बच्चों और मां-बेटी समेत 6 श्रद्धालुओं की मौत
Kurukshetra Accident News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। राजस्थान स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागड़ धाम (गोगामेड़ी) जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली कुरुक्षेत्र-कैथल मार्ग पर पिंडारसी गांव के पास भीषण हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में मां-बेटी और दो बच्चों सहित 6 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दर्जन के करीब लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पिंडारसी बस स्टैंड के पास ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, कुरुक्षेत्र के कलाल माजरा स्थित सेक्टर 30 के निवासी राजस्थान के हनुमानगढ़ स्थित बागड़ धाम में पूजा-अर्चना के लिए ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर रवाना हुए थे।
जब ट्रैक्टर-ट्राली कुरुक्षेत्र-कैथल मार्ग पर पिंडारसी गांव के बस स्टैंड के पास पहुंची, तो चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान श्रद्धालुओं का ट्रैक्टर लकड़ी से भरी एक अन्य ट्राली से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि श्रद्धालुओं की ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई और उसमें सवार कई लोग भारी ट्राली के नीचे दब गए।
मौके पर मची चीख-पुकार, बस यात्रियों और राहगीरों ने की मदद

हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। श्रद्धालुओं के जूते-चप्पल, कपड़े और पूजा का सामान पूरी सड़क पर बिखर गया। हादसे के तुरंत बाद सड़क से गुजर रही एक बस के यात्रियों और स्थानीय राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए ट्राली को सीधा किया और नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल व पास के अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने 4 महिलाओं और 2 बच्चों समेत कुल 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायलों में से दो महिलाओं की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
मृतकों में मां-बेटी और 1 साल पहले गोद लिया बच्चा भी शामिल
इस भीषण हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
-
लीला देवी (58 वर्ष)
-
बाला देवी (50 वर्ष)
-
बहौती (60 वर्ष)
-
अंजली (26 वर्ष)
-
सीरत (अंजली की मासूम बेटी)
-
हर्ष (7 वर्ष)
बताया जा रहा है कि 7 वर्षीय मासूम हर्ष को उसकी मां रंजीत कौर ने महज एक साल पहले ही अपने साले से गोद लिया था। वह अपनी मां के साथ पहली बार बागड़ धाम मन्नत मांगने जा रहा था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है और ओवरटेक करने वाले वाहन चालक की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।












1 thought on “कुरुक्षेत्र-कैथल मार्ग पर पिंडारसी गांव के पास भीषण हादसा। बागड़ धाम जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से 6 की मौत और 24 घायल। पढ़ें पूरी खबर।”