Breaking: हांसी विधायक विनोद भयाना ने बांटे 65.87 लाख के चेक, 5 गौशालाओं की बदली किस्मत
Hansi News Abtak : गोवंश के संरक्षण और गौशालाओं में बेहतर देखभाल की व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के उद्देश्य से विधायक विनोद भयाना ने सोमवार को हरियाणा गौशाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हांसी विधानसभा क्षेत्र की पांच गौशालाओं को कुल 65 लाख 87 हजार 218 रुपए की आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए।
गायों की सेवा भारतीय संस्कृति और सामाजिक परंपरा का अभिन्न अंग है: विधायक विनोद भयाना
Hansi MLA विनोद भयाना ने गो भक्तों से संवाद स्थापित करते करते हुए कहा कि इस राशि से गौशालाओं में रह रहे गोवंश के लिए पौष्टिक चारे, चिकित्सा सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। हरियाणा सरकार गायों के संरक्षण एवं संवर्धन को प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है।
गायों के चारे और इलाज के लिए आगे आई सरकार
हरियाणा गौ सेवा आयोग के माध्यम से गौशालाओं को चारा अनुदान तथा आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके संचालन को सुविधाजनक बनाने के लिए भी सरकार द्वारा विभिन्न प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि गायों की सेवा भारतीय संस्कृति और सामाजिक परंपरा का अभिन्न अंग है। गौशालाओं का संचालन करने वाली संस्थाएं और गायों की सेवा में जुटे लोग निस्वार्थ भाव से इस जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं। बड़ी संख्या में गोवंश की देखभाल के लिए नियमित रूप से चारे, पानी, दवाइयों और अन्य संसाधनों की आवश्यकता होती है। सरकार की आर्थिक सहायता से इन संस्थाओं को अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने में सहयोग मिलेगा। उन्होंने गौशाला संचालकों के प्रयासों की सराहना करते हुए आमजन से भी गोवंश की सेवा और संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
हांसी विधानसभा क्षेत्र के लिए विधायक विनोद भयाना की बड़ी सौगात
सहायता राशि के तहत श्री गोपाल गौशाला, सैनी पुरा, को 11 लाख 9 हजार 105 रुपए, श्री हरियाणा गौशाला, तोशाम रोड को 36 लाख 51 हजार 770 रुपए, बुआ कंवारी गौशाला ट्रस्ट, कंवारी को 8 लाख 15 हजार 551 रुपए, श्री कृष्ण कन्हैया गौशाला, रामायण को 2 लाख 62 हजार 102 रुपए तथा श्री कृष्ण गौशाला समिति, बांदा हेड़ी को 7 लाख 48 हजार 690 रुपए के चेक प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विधायक विनोद भयाना के राजनीतिक सलाहकार दिनेश भूटानी, भाजपा जिला महामंत्री धर्मवीर रतेरिया, प्रवीण बंसल, गौ सेवा आयोग के सदस्य अनिल गोयल, सज्जन अग्रवाल कमलेश गर्ग सहित अनेक गौ भक्त मौजूद रहे।